जम्मू, 14 अक्टूबर (भाषा) उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल के कर्मचारियों ने बुधवार को अलग-अलग घटनाओं में तीन यात्रियों को समय रहते चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि पहली घटना में एक महिला यात्री स्वीटी कुमारी को ट्रेन के प्रवेश द्वार के पास कथित तौर पर दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद मुख्य टिकट निरीक्षक तरसेम लाल और टिकट जांच कर्मचारी दीपक ने तुरंत एंबुलेंस की व्यवस्था करके महिला को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
दूसरी घटना में जम्मू से दिल्ली जा रही ट्रेन संख्या 22402 के बी-11 कोच में सफर कर रहे 60 वर्षीय यात्री राकेश कुमार को अस्थमा का गंभीर दौरा पड़ा।
अधिकारी ने बताया, “टिकट जांच कर्मचारी अजय कुमार ने अंबाला नियंत्रण कक्ष को इसकी सूचना दी और अगले ठहराव पर यात्री के लिए जरूरी दवाओं की व्यवस्था कराई।”
तीसरी घटना में ट्रेन संख्या 26401 के सी-17 कोच में सफर कर रहे तीन साल के एक बच्चे को दौरा पड़ा।
अधिकारी ने बताया कि टिकट जांच कर्मचारियों ने श्रीनगर रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक के साथ मिलकर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की मदद से उजाला अस्पताल से एंबुलेंस की व्यवस्था की।
उन्होंने कहा कि बच्चे को अस्पताल पहुंचाया गया और अब उसकी हालत स्थिर है।
यात्रियों ने रेल कर्मचारियों और अस्पताल प्रशासन की तत्परता की सराहना की।
जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने कहा कि भारतीय रेलवे की जिम्मेदारी यात्रियों को केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा व स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी है।
भाषा जोहेब शफीक
शफीक