Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

दिल्ली : रेस्तरां में आग लगने के बाद लोग घबराकर पहली मंजिल से कूदे

नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली में मौजपुर इलाके के एक रेस्तरां में मंगलवार रात आग लगने के बाद लोग घबराकर अपनी जान बचाने के लिए बच्चों समेत इमारत की पहली मंजिल की खिड़की से कूद गये।

दिल्ली पुलिस ने बुधवार को बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े 10 बजे वेलकम थाना क्षेत्र के जाफराबाद मेन रोड स्थित एक रेस्तरां ‘उधम फिश प्वाइंट’ में आग लगने की सूचना मिली।

पुलिस ने बताया कि मौके पर पहुंची टीम ने पाया कि आग रेस्तरां के किचन में लगी थी और रेस्तरां के कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया था।

हालांकि, दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने बताया कि रात में आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल की छह गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।

इस बीच, घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए जिनमें रेस्तरां के अंदर से धुआं निकलता और पहली मंजिल की खिड़की से लोगों को कूदते देखा जा सकता है।

वायरल वीडियो में दिख रहा है कि एक व्यक्ति पहले कम से कम दो बच्चों को खिड़की से नीचे फेंकता है जिसके बाद दो-तीन लोग इमारत से छलांग लगा देते हैं। वीडियो में दिख रहा है कि नीचे खड़ी भीड़ बच्चों और लोगों को पकड़ लेती है।

वीडियो में एक व्यक्ति एक खंभे के सहारे नीचे उतरते हुए भी दिख रहा है जबकि कुछ लोग सीढ़ी लगाकर खिड़की तक पहुंचने की कोशिश करते देखे जा सकते हैं।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ है।

रेस्तरां के मालिक अब्दुल अजीम ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आग किचन में रखे कूड़ेदान में लगी थी जो वहीं पास में रखे खाद्य तेल की पेटी तक फैल गई।

उन्होंने कहा कि रेस्तरां के कर्मियों ने अग्निशामक सिलेंडर से फौरन आग बुझा दी, लेकिन इसका धुआं प्रतिष्ठान में भर गया जिससे वहां मौजूद लोग घबरा गए।

अजीम ने बताया कि घटना के वक्त रेस्तरां के भूतल और पहली मंजिल पर करीब 80 लोग थे।

उनके मुताबिक, भूतल पर मौजूद लोग फौरन बाहर निकल गए, लेकिन पहली मंजिल पर मौजूद 30-35 लोगों में से कुछ लोग घबरा गए और खिड़की से नीचे कूदने लगे और नीचे खड़े लोगों ने उन्हें पकड़ लिया जिससे किसी को कोई चोट नहीं आई।

अजीम ने दावा किया कि बाकी लोग रेस्तरां की सीढ़ियों से नीचे आ गए।

भाषा नोमान शफीक

शफीक