Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

ओडिशा में 39,383 करोड़ रुपये के निवेश वाली 53 औद्योगिक परियोजनाओं की शुरुआत

भुवनेश्वर, 14 अक्टूबर (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को राज्य के 14 जिलों में 39,383 करोड़ रुपये के निवेश वाली 53 औद्योगिक परियोजनाओं की शुरुआत की। इन परियोजनाओं से 42,000 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। एक सरकारी बयान में यह जानकारी दी गई।

जाजपुर जिले के कलिंगनगर औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित शिलान्यास और उद्घाटन समारोह में उद्योग मंत्री संपद चंद्र और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में 46 कंपनियों की इन परियोजनाओं की शुरुआत की गई।

ये परियोजनाएं अंगुल, बरगढ़, बालासोर, बौध, कटक, ढेंकनाल, जाजपुर, जगतसिंहपुर, क्योंझर, खुर्दा, मयूरभंज, पुरी, संबलपुर और सुंदरगढ़ जिलों में फैली हैं।

इनमें इस्पात एवं धातु, रसायन, नवीकरणीय ऊर्जा, खाद्य प्रसंस्करण, जैव ईंधन, कपड़ा एवं परिधान, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी सेवाएं, लॉजिस्टिक एवं भंडारण, पर्यटन एवं आतिथ्य, औद्योगिक गैस, बुनियादी ढांचा, रबड़ एवं प्लास्टिक, जहाज निर्माण एवं मरम्मत, ऊर्जा भंडारण, अग्निरोधी सामग्री, चक्रीय अर्थव्यवस्था और स्वास्थ्य सेवा सहित विभिन्न क्षेत्र शामिल हैं।

माझी ने कहा, ''इस परिवर्तनकारी कदम से राज्य में 42,000 से अधिक रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही, ओडिशा देश और दुनिया के प्रमुख विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित होगा। आत्मनिर्भर, विकसित और समृद्ध ओडिशा के निर्माण की दिशा में हमारी प्रगति की यात्रा निर्बाध रूप से जारी रहेगी।''

उन्होंने कहा कि इन निवेश से राज्य के विनिर्माण क्षेत्र के पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूती मिलने, मूल्यवर्धन को बढ़ावा मिलने और स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं, सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई) तथा उद्यमियों के लिए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से कुशल और अर्धकुशल श्रमिकों, विशेषकर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे और स्थानीय आजीविका को भी बढ़ावा मिलेगा।

पिछली बीजू जनता दल (बीजद) सरकार पर निशाना साधते हुए माझी ने कहा कि उनकी सरकार अब तक 116 परियोजनाओं की शुरुआत कर चुकी है और 35 परियोजनाओं का उद्घाटन कर चुकी है। इस तरह परियोजनाओं की कुल संख्या 151 हो गई है।

बयान के अनुसार, इन परियोजनाओं में कुल 3,11,722.46 करोड़ रुपये का निवेश शामिल है और इनसे 2,40,697 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय