नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को कहा कि नगर निगम के स्कूलों के पांच लाख से अधिक छात्रों के बैंक खातों में वर्दी और स्कूल बैग खरीदने में मदद के लिए कुल 70.69 करोड़ रुपये सीधे हस्तांतरित किए गए हैं।
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के टैगोर गार्डन स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में आयोजित एक समारोह में गुप्ता ने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) पहल से धन के वितरण में पारदर्शिता आती है।
उन्होंने कहा कि यह एक शानदार पहल है, जो यह सुनिश्चित करती है कि पूरी पारदर्शिता के साथ हर बच्चे को वह पैसा मिले, जिसका वह हकदार है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, “हर माता-पिता का सपना होता है कि उनका बच्चा उनसे भी आगे बढ़े। हमारी सरकार इसी सपने को साकार करने के लिए बच्चों को अच्छी शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और आगे बढ़ने के हरसंभव अवसर उपलब्ध करा रही है।”
गुप्ता ने कहा कि इसके साथ 10 एआई एवं रोबोटिक्स लैब, 1,500 प्रिंटर, ‘'साइंस ऑन व्हील्स' और 60 क्रोमबुक जैसी आधुनिक सुविधाओं की भी शुरुआत की गई।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार और एमसीडी, स्कूलों में शैक्षणिक सुविधाओं में सुधार के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।
उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में 'साइंस ऑन व्हील्स' पहल पर भी प्रकाश डाला, जिसके तहत 60 लैपटॉप से लैस एक मोबाइल वैन विभिन्न स्कूलों का दौरा करेगी, ताकि छात्रों को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के बारे में सीखने में मदद मिल सके।
गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर माहौल और अच्छे विकास के अवसर मिलने चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत शिक्षा क्षेत्र को महत्वपूर्ण सहयोग दिया है।
यह समारोह टैगोर गार्डन स्थित प्राथमिक विद्यालय में एमसीडी के शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित किया गया था। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, निगम महापौर प्रवेश वाही और उप महापौर मोनिका पंत भी उपस्थित थे।
भाषा नोमान नोमान सुरेश
सुरेश