Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

प्रधानमंत्री मोदी लद्दाख में 3,350 करोड़ रुपये की लागत वाली पांच परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे

नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बृहस्पतिवार को लद्दाख में लगभग 3,350 करोड़ रुपये की लागत वाली पांच प्रमुख विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं में हवाई अड्डे के बुनियादी ढांचा, सामरिक सड़क संपर्क, नवीकरणीय ऊर्जा, विरासत संरक्षण और जल सुरक्षा से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार मोदी इन परियोजनाओं का ऑनलाइन उद्घाटन करेंगे और राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

बयान के अनुसार प्रधानमंत्री लेह स्थित कुशोक बकुला रिम्पोची हवाई अड्डे पर 640 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नये यात्री टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे।

इसके अनुसार 23,800 वर्ग मीटर में फैले इस आधुनिक टर्मिनल को प्रति वर्ष 35 लाख यात्रियों की सुविधा के लिए तैयार किया गया है।

बयान के अनुसार मोदी सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की निर्मित 298 किलोमीटर लंबी निम्मू-पदुम-दारचा सड़क को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

बयान में कहा गया है कि लेह के निम्मू को हिमाचल प्रदेश के दारचा से सुदूर जांस्कर घाटी के माध्यम से जोड़ने वाली यह सड़क लद्दाख के लिए एक वैकल्पिक संपर्क मार्ग प्रदान करने को तैयार है और श्रीनगर-लेह तथा मनाली-लेह राजमार्गों का पूरक है।

इसके अनुसार शिनकुन ला दर्रे समेत चुनौतीपूर्ण हिमालयी भूभाग से गुजरने वाली यह सड़क एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसका रणनीतिक महत्व सशस्त्र बलों के लिए परिचालन गतिशीलता बढ़ाने और लॉजिस्टिक्स सहायता को मजबूत करने में निहित है। इससे जांस्कर के निवासियों को स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, बाजार और आवश्यक सेवाओं तक बेहतर पहुंच प्राप्त करने में भी लाभ होगा।

बयान के अनुसार ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने और लद्दाख की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता का दोहन करने के प्रयासों के तहत, प्रधानमंत्री 9 मेगावाट की हनु लघु जलविद्युत परियोजना और 66 किलोवाट की डबल-सर्किट दाह-हनु-खालत्सी ट्रांसमिशन लाइन का उद्घाटन करेंगे।

ये परियोजनाएं बिजली आपूर्ति अवसंरचना को मजबूत करेंगी और लद्दाख के विद्युत नेटवर्क की विश्वसनीयता में सुधार करेंगी। ये परियोजनाएं क्षेत्र के जलविद्युत संसाधनों का दोहन करने और ऊर्जा अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।

बयान के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी मिशन अमृत सरोवर के उद्देश्यों के अनुरूप, जल संरक्षण के माध्यम से लद्दाख की अनूठी भौगोलिक और जलवायु संबंधी चुनौतियों का समाधान करने के उद्देश्य से शुरू की गई हिम सरोवर परियोजना के तहत 40 गांवों में विकसित 40 जल निकायों का भी उद्घाटन करेंगे।

भाषा देवेंद्र रंजन

रंजन