Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

आईपीएल ट्रेड: टी नटराजन की सनराइजर्स हैदराबाद में वापसी, जीशान अंसारी दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े

मुंबई, 14 अक्टूबर (भाषा) बाएं हाथ के तेज गेंदबाज टी नटराजन की सनराइजर्स हैदराबाद में वापसी हुई है जबकि आईपीएल की इन दोनों फ्रेंचाइजी के बीच खिलाड़ियों के ट्रेड (अदला-बदली) के तहत लेग स्पिनर जीशान अंसारी बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ गए।

नटराजन पांच करोड़ रुपये की संशोधित फीस पर 2016 की आईपीएल चैंपियन टीम से जुड़ेंगे। उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2025 की नीलामी में 10.75 करोड़ रुपये में खरीदा था।

आईपीएल 2026 सत्र में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 10 मैच खेलने वाले अंसारी 40 लाख रुपये की मौजूदा फीस पर दिल्ली कैपिटल्स में शामिल होंगे।

आईपीएल ने बयान में कहा, ‘‘2020 से 2024 तक पांच सत्र में सनराइजर्स हैदराबाद का प्रतिनिधित्व करने वाले नटराजन फ्रेंचाइजी में लौट आए हैं। इसी टीम के लिए खेलते हुए उन्होंने आईपीएल के सबसे प्रभावी बाएं हाथ के भारतीय तेज गेंदबाजों में अपनी पहचान बनाई थी।’’

बयान के अनुसार, ‘‘नटराजन का आईपीएल में सबसे सफल सत्र 2024 में रहा जब उन्होंने 19 विकेट लिए। वह उस सत्र में सनराइजर्स के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे और टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।’’

अंसारी ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पदार्पण मैच में तीन विकेट चटकाकर अपने आईपीएल करियर की शानदार शुरुआत की थी।

आईपीएल ने कहा, ‘‘इस लेग स्पिनर ने आईपीएल में 10 मैच में छह विकेट लिए हैं और उनके आने से दिल्ली कैपिटल्स के स्पिन गेंदबाजी विभाग को मजबूती मिलेगी।’’

पैंतीस वर्षीय नटराजन ने भारत के लिए एक टेस्ट और दो एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेले हैं। उन्होंने आईपीएल में 73 मैच में 72 विकेट लिए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 19 रन पर चार विकेट है।

छब्बीस वर्षीय अंसारी के नाम आईपीएल के 10 मैच में छह विकेट हैं।

भाषा सुधीर मोना

मोना