एंसिनाडा, 14 अक्टूबर (एपी) मेक्सिको के प्रशांत तट पर सिमोन चक्रवात और उष्णकटिबंधीय तूफान रेचेल के प्रभाव के चलते भारी बारिश हुई जिसके कारण आई बाढ़ और भूस्खलन से मंगलवार को मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सिमोन चक्रवात मेक्सिको के प्रशांत तट से दूर श्रेणी-1 के तूफान के रूप में धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। इसके कारण नायरित और सिनालोआ राज्यों में भारी बारिश हो रही है। अधिकारी नदियों का जलस्तर बढ़ने और बाढ़ आने की आशंका को देखते हुए सतर्क हैं।
सप्ताहांत में इस चक्रवात के कारण दक्षिणी राज्य गुएरेरो में भारी बारिश हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। सबसे ज्यादा नुकसान उत्तर में बाजा कैलिफोर्निया राज्य के तटीय शहर एंसिनाडा में हुआ, जहां रेचेल तूफान के कारण आई बाढ़ में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई।
राज्य के अभियोजन कार्यालय ने 'एसोसिएटेड प्रेस' को बताया कि मृतकों में 13 वर्षीय एक लड़की शामिल है, जिसका शव रविवार को मिला था। इसके अलावा, 30 और 35 वर्ष की दो महिलाओं और चार वर्षीय एक लड़के के शव सोमवार को बरामद किए गए। मंगलवार को एक नाले के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला।
बाजा कैलिफोर्निया में पांच अन्य लोग अब भी लापता हैं। इनमें एंसिनाडा के तीन लोग और एक पिता-पुत्र शामिल हैं, जो शनिवार को कैलिफोर्निया की खाड़ी के तट पर स्थित सैन फेलिप में मछली पकड़ने गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे।
राज्य के नागरिक सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को करीब 300 सैन्यकर्मियों, पुलिसकर्मियों और बचावकर्मियों ने एंसिनाडा की एल पिपिला जलधारा के किनारे तलाश अभियान चलाया। वहीं, मैक्सिको की नौसेना लापता मछुआरों की तलाश में जुटी रही।
बाढ़ के पानी में कई वाहन बह गए, घरों को नुकसान पहुंचा और कुछ बस्तियों का संपर्क आसपास के इलाकों से कट गया।
एपी तान्या मनीषा
मनीषा