रोहतक, 14 अक्टूबर (भाषा) हिमांशु राणा और धीरू सिंह की धैर्यपूर्ण पारियों की मदद से हरियाणा ने बुधवार को यहां बंसी लाल क्रिकेट स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी के ग्रुप डी मैच के चौथे और अंतिम दिन हिमाचल प्रदेश को सात विकेट से हरा दिया।
हरियाणा के सामने 71 रन का लक्ष्य था लेकिन उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही और दूसरी पारी में एक समय उसका स्कोर तीन विकेट पर 26 रन था। इसके बाद हिमांशु राणा (नाबाद 37 रन) और धीरू सिंह (नाबाद 24 रन) में अपनी टीम को 18.1 ओवर में लक्ष्य तक पहुंचाया। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए 51 रन की अटूट साझेदारी की।
यह दोनों बल्लेबाज पहली पारी में दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंच पाए थे लेकिन दूसरी पारी में उन्होंने मुश्किल समय पर अच्छा प्रदर्शन करके अपनी टीम को छह अंक दिलाए।
हिमाचल प्रदेश ने अपनी पहली पारी में 253 रन बनाए थे जिसके जवाब में हरियाणा ने 296 रन बनाकर 43 रन की बढ़त हासिल की थी। हरियाणा की तरफ से अंकित राजेश कुमार (59), यशवर्धन दलाल (72) और कनिष्क चौहान (50) ने अर्धशतक बनाए।
हिमाचल प्रदेश की टीम दूसरी पारी में 113 रन पर आउट हो गई थी। हरियाणा की तरफ से तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज ने 56 रन देकर चार विकेट लिए। उनके अलावा पार्थ वत्स ने 22 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि कनिष्क चौहान और अमन कुमार ने दो-दो विकेट हासिल किए।
भाषा
पंत
पंत