Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

दिल्ली: रेस्तरां में आग लगने के बाद लोग जान बचाने के लिए पहली मंजिल से कूदे

नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली में मौजपुर इलाके के एक रेस्तरां में कल रात आग लगने के बाद लोगों को अपनी जान बचाने के लिए बच्चों समेत इमारत की पहली मंजिल की बालकनी से कूदना पड़ा।

दिल्ली पुलिस ने बुधवार को बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े 10 बजे वेलकम थाना क्षेत्र के जाफराबाद मेन रोड स्थित एक रेस्तरां में आग लगने की सूचना मिली।

पुलिस ने बताया कि मौके पर पहुंची टीम ने पाया कि आग रेस्तरां के किचन में लगी थी और रेस्तरां के कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया था।

हालांकि, दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने बताया कि रात में आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल की छह गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।

इस बीच घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए जिनमें रेस्तरां के अंदर से धुआं निकलता और पहली मंजिल की बालकनी से लोगों को कूदते देखा जा सकता है।

एक वीडियो में दिख रहा है कि एक व्यक्ति पहले कम से कम दो बच्चों को बालकनी से नीचे फेंकता है जिसके बाद दो-तीन लोग इमारत से छलांग लगा देते हैं। वीडियो में दिख रहा है कि नीचे खड़ी भीड़ बच्चों और लोगों को पकड़ लेती है। वीडियो में एक व्यक्ति एक खंभे के सहारे नीचे उतरते हुए भी दिख रहा है जबकि कुछ लोग सीढ़ी लगाकर बालकनी तक पहुंचने की कोशिश करते देखे जा सकते हैं।

प्रत्यशदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद रेस्तरां में धुआं भर गया जिससे लोग दहशत में आ गए और पहली मंजिल से कूदने लगे।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ है।

भाषा नोमान वैभव

वैभव