Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

ओपनएआई के बैठक कक्ष में रिकॉर्डिंग उपकरण मिलने के बाद इंजीनियर गिरफ्तार

वाशिंगटन, 14 अक्टूबर (एपी) कृत्रिम मेधा (एआई) कंपनी ओपनएआई के एक बैठक कक्ष में गुप्त रूप से रिकॉर्डिंग उपकरण लगाने के आरोप में कंपनी के एक इंजीनियर को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, उपकरण लगाने का उद्देश्य कंपनी की प्रौद्योगिकी से जुड़ी संवेदनशील बातचीत को रिकॉर्ड करना था।

सैन फ्रांसिस्को की संघीय अदालत में दायर आपराधिक शिकायत के मुताबिक, ‘चैटजीपीटी’ बनाने वाली कंपनी ओपनएआई के एक बैठक कक्ष में रिकॉर्डिंग उपकरण मिलने के करीब एक सप्ताह बाद शुक्रवार को कंपनी के कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान सऊदी अरब के नागरिक अब्दुल रहमान अलफोजान (35) के रूप में हुई है।

शिकायत के अनुसार, 30 सितंबर को बैठक कक्ष में टेलीविजन के पीछे लगे यूएसबी पोर्ट में रिकॉर्डिंग उपकरण मिला था। इसे टॉयलेट पेपर में लपेटकर छिपाया गया था। इस बैठक कक्ष का इस्तेमाल कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी करते हैं।

शिकायत में कहा गया है कि जिस समय बैठक कक्ष में रिकॉर्डिंग उपकरण लगाया गया था, उस समय वहां निगरानी के लिए कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं था लेकिन कार्यालय के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग से पता चला कि अलफोजान पिछले महीने करीब 12 बार उस बैठक कक्ष के आसपास देखा गया था जबकि उसे न तो उस स्थान पर जाने की अनुमति थी और न ही वहां होने वाली बैठकों में शामिल होने का अधिकार था।

अलफोजान मंगलवार को पहली बार अदालत में पेश हुआ। उस पर बातचीत को गुप्त रूप से रिकॉर्ड करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक, यांत्रिक या किसी अन्य उपकरण का इस्तेमाल करने या ऐसा करने की कोशिश करने का आरोप है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसकी ओर से पैरवी करने के लिए कोई वकील मौजूद है या नहीं। उसे 19 अक्टूबर को दोबारा अदालत में पेश किया जाना है।

अदालत में दायर शिकायत में कंपनी का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया गया है। हालांकि, ओपनएआई ने एक अलग बयान में पुष्टि की कि उसके एक कार्यालय में छिपाकर लगाया गया रिकॉर्डिंग उपकरण मिला था। कंपनी ने इसकी सूचना संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) को दी थी और संबंधित कर्मचारी को नौकरी से बर्खास्त कर दिया था।

एपी

खारी सिम्मी

सिम्मी