Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

बंगाल में माकपा के मुख्यालय के बाहर ‘चंडी पाठ’ का आयोजन

कोलकाता, 13 अक्टूबर (भाषा) दुर्गा पूजा से पहले मंगलवार को लोगों के एक समूह ने यहां अलीमुद्दीन मार्ग स्थित मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की पश्चिम बंगाल राज्य समिति के मुख्यालय के पास हिंदू धार्मिक ग्रंथ ‘चंडी पाठ’ के श्लोकों का पाठ किया।

यह स्पष्ट नहीं हो सका कि कार्यक्रम का आयोजन किसने किया था। हालांकि, इसमें शामिल एक प्रतिभागी ने दावा किया कि वामपंथी पार्टी द्वारा सनातन धर्म के कथित अपमान के जवाब के रूप में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

माकपा के वरिष्ठ नेता सुजान चक्रवर्ती ने मुजफ्फर अहमद भवन के पास आयोजित इस कार्यक्रम का मजाक उड़ाते हुए कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता प्रतिभागियों को चंडी पाठ का सही उच्चारण करना सिखा सकते हैं।

‘चंडी पाठ’ को दुर्गा सप्तशती या देवी महात्म्य भी कहा जाता है। इसमें देवी दुर्गा की राक्षस महिषासुर पर विजय का वर्णन है। इन श्लोकों का पाठ नवरात्रि उत्सव का एक हिस्सा हैं।

खुद को विशेषज्ञ बताने वाले कार्यक्रम में शामिल गौरांग दास ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य ऐसी पार्टी के कार्यालय के पास अपने धर्म का पालन करने के समूह के अधिकार को जताना था, जिसकी विचारधारा पारंपरिक रूप से नास्तिकता से जुड़ी रही है।

दास ने कहा, ‘‘वामपंथियों ने हमेशा सनातन धर्म का अपमान किया है। इसलिए हमने उनके पार्टी कार्यालय के ठीक बाहर अपने धर्म का पालन करने का फैसला किया। अब हमें कोई नहीं रोक सकता।’’

चक्रवर्ती ने कार्यक्रम पर व्यंग्यात्मक प्रतिक्रिया देते हुए धार्मिक श्लोकों के पाठ के तरीके पर भी सवाल उठाया।

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे कार्यों से कोई लाभ नहीं होगा। हमारे पास कई ऐसे कार्यकर्ता हैं, जो उन्हें सही तरीके से चंडी पाठ करना सिखा सकते हैं।’’

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश