नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) सर्दियों के नजदीक आने के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण भी बढ़ने लगता है, लेकिन इससे निपटने की तैयारियों के मद्देनजर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने मंगलवार को सड़कों की सफाई के अभियान को तेज करने के लिए 'एंटी-स्मॉग गन' और पानी के छिड़काव वाले उपकरणों से लैस 12 बहुउद्देशीय वाहन उतारे हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रत्येक वाहन में 7,000 लीटर क्षमता वाली पानी की टंकी है। ये वाहन छोटे ढके हुए नालों और भूमिगत नालियों में अवरोधों को दूर करने के लिए ‘जेटिंग प्रणाली’ से लैस हैं। इसके अलावा, इनमें सार्वजनिक शौचालयों और अन्य सतहों की सफाई के लिए ‘वाशिंग गन’ भी लगी हैं।
बयान के अनुसार, महापौर प्रवेश वाही ने सिविक सेंटर स्थित एमसीडी मुख्यालय से इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रत्येक वाहन की लागत 35.06 लाख रुपये है। इस तरह 12 वाहनों पर कुल लगभग 4.21 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
वाही ने कहा, ‘‘ये 12 बहुउद्देशीय वाहन हवा में धूल के कणों को नियंत्रित करने, सड़कों को साफ रखने और नागरिक सेवाओं में सुधार करने के प्रयासों को मजबूत करेंगे।’’
धूल नियंत्रण के अलावा, इन वाहनों का इस्तेमाल सड़कों की धुलाई, नालों की सफाई और स्वच्छता से जुड़े अन्य कार्यों में भी किया जा सकेगा। इससे नगर निगम एक ही मशीनरी का उपयोग कई उद्देश्यों के लिए कर सकेगा।
नगर निगम के अनुसार, इन वाहनों का संचालन और रखरखाव एक निर्धारित मॉडल के तहत किया जाएगा। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), दिल्ली के माध्यम से तृतीय-पक्ष निरीक्षण और गुणवत्ता जांच की व्यवस्था भी की गई है।
एमसीडी ने बताया कि प्रत्येक वाहन की अनुमानित उपयोग अवधि 15 वर्ष है।
भाषा प्रचेता सुरेश
सुरेश