नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) वित्तीय सेवा विभाग के पूर्व सचिव नागराजू मद्दिराला को दो साल के लिए आईएलएंडएफएस का चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई।
मद्दिराला इस साल मई में वित्तीय सेवा विभाग के सचिव पद से सेवानिवृत्त हुए थे।
आईएलएंडएफएस के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक के रूप में नंद किशोर का कार्यकाल 30 सितंबर को समाप्त हो गया था।
कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय के 12 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार, मद्दिराला को आईएलएंडएफएस का चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।
उन्हें एक अक्टूबर को राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) की मुंबई पीठ ने कंपनी के निदेशक मंडल में निदेशक नियुक्त किया था।
आदेश के अनुसार, मद्दिराला की नियुक्ति कार्यभार संभालने की तारीख से दो साल के लिए की गई है। उन्हें हर महीने 5.50 लाख रुपये पारितोषिक के साथ कंपनी की कार और आवास उपलब्ध कराया जाएगा।
आईएलएंडएफएस की वेबसाइट के अनुसार, कंपनी को प्रणालीगत रूप से महत्वपूर्ण गैर-जमा स्वीकार करने वाली मुख्य निवेश कंपनी के रूप में पंजीकृत किया गया है। सरकार की याचिका पर एनसीएलटी ने एक अक्टूबर, 2018 को कंपनी के तत्कालीन निदेशक मंडल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था और नए निदेशक मंडल की नियुक्ति की थी।
भाषा रमण अजय
अजय