मैसूरु (कर्नाटक), 13 अक्टूबर (भाषा) मैसूरु दशहरा समारोहों में बाधा डालने की धमकी वाला ईमेल भेजने के आरोप में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह ईमेल 10 अक्टूबर को मिला था। इसके बाद मैसूरु के पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को मामले की गहन जांच करने और उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
ईमेल में कथित तौर पर चेतावनी दी गई थी कि मैसूरु दशहरा 2026 समारोहों के दौरान शहर में ‘‘डर और चिंता का माहौल पैदा किया जाएगा।’’
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में 10 अक्टूबर को सीईएन पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके अलावा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराएं भी लगाई गई हैं।
पुलिस ने बताया कि ईमेल भेजने वाले व्यक्ति का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मैसूरु में 11 दिवसीय दशहरा समारोह 11 अक्टूबर को धार्मिक उत्साह और पारंपरिक भव्यता के साथ शुरू हुआ था। कोप्पल के गविमठ के पीठाधीश्वर अभिनव गविसिद्धेश्वर महास्वामीजी ने समारोह का उद्घाटन किया था।
भाषा राखी अविनाश
अविनाश