मुंबई, 13 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को ब्रिटेन के संस्थानों और कंपनियों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में निवेश के लिए कौशल, पूंजी और प्रौद्योगिकी से युक्त एक मजबूत तंत्र मौजूद है।
मुंबई में ताज पैलेस होटल में महाराष्ट्र-ब्रिटेन साझेदारी की शुरुआत के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र विभिन्न क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने में सबसे आगे है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘इन्वेस्ट महाराष्ट्र’ मंच के माध्यम से सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय करेगी, ताकि निवेशकों की परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा सके।
फडणवीस ने कहा कि ब्रिटेन के मंत्रियों, महापौर और अधिकारियों का यह दौरा महज औपचारिक मुलाकात नहीं है, बल्कि दोनों पक्षों की महत्वाकांक्षाओं को वास्तविक कारोबारी अवसरों और समझौतों में बदलने का प्रयास है।
ब्रिटेन के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ द्विपक्षीय चर्चा के बाद कई प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए महाराष्ट्र और ब्रिटेन के बीच सहमति ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया गया।
फडणवीस ने कहा कि मुंबई अंतरराष्ट्रीय वित्त, व्यापार और उद्यमिता को सीधे वैश्विक बाजारों से जोड़ता है, जबकि पुणे इंजीनियरिंग, वाहन, विनिर्माण और सूचना प्रौद्योगिकी के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरा है।
उन्होंने कहा कि राज्य का कुशल कार्यबल, मजबूत औद्योगिक समूह और वैश्विक ग्राहकों को सेवाएं देने वाले अनुभवी भागीदारों का नेटवर्क उसकी प्रमुख ताकत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) ने विदेशी विश्वविद्यालयों के लिए महाराष्ट्र में परिसर स्थापित करने का रास्ता खोला है। ब्रिस्टल यूनिवर्सिटी, यॉर्क यूनिवर्सिटी और एबरडीन यूनिवर्सिटी जैसे संस्थान राज्य में आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित 'एजु-सिटी', 'मेडि-सिटी' और एआई नवाचार शहर विश्वस्तरीय शोध, संस्थानों और प्रतिभाओं को एक साथ लाएंगे।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में औद्योगिक कार्बन उत्सर्जन घटाने, ऊर्जा दक्षता बढ़ाने, जल प्रबंधन, परिवहन और संसाधनों के पुनर्चक्रण से जुड़ी स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाओं के लिए भी बड़े अवसर हैं।
फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र में वैश्विक क्षमता केंद्र और प्रौद्योगिकी शोध केंद्र स्थापित करने की इच्छुक अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को राज्य सरकार पूरा सहयोग देगी।
भाषा योगेश अजय
अजय