इंफाल, 13 अक्टूबर (भाषा) मणिपुर में सोशल मीडिया के जरिए अश्लील सामग्री प्रसारित करने और उससे कमाई के आरोप में एक नाबालिग समेत 13 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि बिष्णुपुर जिले के मोइरांग पुलिस थाने में इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत के अनुसार, कई टेलीग्राम चैनलों के प्रशासक और उपयोगकर्ता कथित तौर पर स्थानीय महिलाओं के अश्लील वीडियो और तस्वीरें साझा करने और उनसे कमाई करने में शामिल थे। इस सामग्री में बच्चों के यौन शोषण से संबंधित सामग्री भी शामिल थी।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू की गई, जिसे ‘ऑपरेशन डिग्निटी’ नाम दिया गया। इस दौरान 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, ये गिरफ्तारियां पिछले कुछ दिनों में बिष्णुपुर, इंफाल पश्चिम और काकचिंग जिलों से की गईं।
पुलिस ने बताया कि इस अभियान के दौरान कुल 14 मोबाइल फोन जब्त किए गए।
तीन अक्टूबर को मिली एक सूचना के बाद यह अभियान शुरू किया गया। सूचना के आधार पर सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान 150 से अधिक चैनलों और समूहों की ‘नेटवर्क स्थिति’ का पता लगाया गया।
भाषा संतोष अविनाश
अविनाश