सोनभद्र (उप्र) 13 अक्टूबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने मंगलवार को आरोप लगाया कि पूरे देश में 13 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं का नाम सूची से हटाया गया, जिसका सीधा फायदा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हुआ।
यहां घोरावल विधानसभा क्षेत्र के कर्मा गांव में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सिंह ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने सभी व्यवस्थाओं का केंद्रीकरण कर दिया है तथा मोदी और भाजपा की सुविधानुसार चुनावी व्यवस्था बनाई गई है।
उन्होंने यह दावा भी किया कि भाजपा के नेता जिस क्षेत्र में जितने वोट जोड़ने के लिए कहते हैं उतने वोट ज्ञानेश कुमार द्वारा जोड़ दिए जाते हैं और जितने वोट काटने को कहते हैं, उतने वोट काट दिए जाते हैं।
संजय सिंह ने कहा कि अब उप जिलाधिकारी (एसडीएम) के पास वोट काटने और जोड़ने का कोई अधिकार नहीं रहेगा।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मेलनों का आयोजन कर रही है और उसी सिलसिले में वह सोनभद्र आए हैं।
सिंह ने कहा कि सम्मेलनों का उद्देश्य उत्तर प्रदेश और देश की सरकारों को संदेश देना है।
सिंह ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी एक उदाहरण दिया था कि एक ही आदमी के वोट दस स्थानों पर जुड़े हुए हैं और हर तरफ इस प्रकार की गंभीर अनियमितताएं की गई हैं।
आप सांसद ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने 26,000 स्कूल विलय के नाम पर बंद कर दिये, जिससे बाद विद्यालयों के भवन शराब पीने का अड्डा बन गए हैं।
भाषा सं आनन्द
जोहेब
जोहेब