(फोटो के साथ)
जम्मू, 13 अक्टूबर (भाषा) जम्मू में बाढ़ के पानी में बहकर लापता हुई एक महिला की तलाश मंगलवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमों ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर महिला की तलाशी के लिए चलाया जा रहा अभियान जारी रखा।
उन्होंने बताया कि मोहम्मद कलीम की पत्नी रुकसाना कौसर 11 अक्टूबर को भारी बारिश के बाद जम्मू शहर के चिनौर इलाके में बगानी तालाब-फ्लोरा नाले में पानी के तेज बहाव में बह गई थीं।
अधिकारियों के अनुसार, डोमाना के गुमपुल सहित बाढ़ प्रभावित इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। तेज जलधारा और जमीन की कठिन परिस्थितियों के कारण बचावकर्मियों को अभियान में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ के कमांडेंट मोहम्मद असलम ने प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और जारी तलाशी अभियान की समीक्षा की।
इस दौरान उनके साथ डोमाना के उपमंडलीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) ताहिर शेख, एसडीआरएफ के पुलिस उपाधीक्षक दिनेश गुप्ता और एसडीआरएफ के प्रशिक्षण उपाधीक्षक रोहित देव सिंह भी मौजूद थे।
अधिकारियों ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर तैनात कर्मियों से बातचीत की और अभियान के दौरान आ रही चुनौतियों का आकलन किया।
अधिकारियों के अनुसार, असलम ने टीमों को लापता महिला का पता चलने तक समन्वय के साथ पूरी लगन और दृढ़ संकल्प से तलाशी अभियान जारी रखने का निर्देश दिया।
परिवार के सदस्यों के मुताबिक, यह घटना उस समय हुई जब दंपति की कार बाढ़ के पानी में बहने लगी और वे उसे बचाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने बताया कि कार बंद हो जाने के बाद कलीम उसे पीछे की ओर ले जाने की कोशिश कर रहे थे, तभी दंपति तेज बहाव की चपेट में आ गया।
अधिकारियों ने बताया कि लापता महिला का पता लगाने के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस के जवान संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चला रहे हैं।
भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश
नरेश