Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

मुंबई ने चंडीगढ़ को पारी और 155 रन से हराया

मुंबई, 13 अक्टूबर (भाषा) मुंबई ने रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप डी मुकाबले में मंगलवार को यहां चंडीगढ़ को पारी और 155 रन से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।

मुंबई ने तीन दिन के अंदर जीत दर्ज की और बोनस अंक भी हासिल किया।

वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मुंबई के गेंदबाजों ने चंडीगढ़ की दूसरी पारी में भी शानदार प्रदर्शन किया।

मुंबई ने इससे पहले सोमवार को मैच के दूसरे दिन चंडीगढ़ की पहली पारी महज 78 रन पर समेट कर 351 रन की बढ़त हासिल कर उसे फॉलोऑन दिया।

चंडीगढ़ ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक एक विकेट गंवाया था। मुंबई के गेंदबाजों ने मंगलवार को मेहमान टीम की दूसरी पारी 52.1 ओवर में 196 रन पर समेट दी। शम्स मुलानी ने 69 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि तनुष कोटियान ने 30 रन देकर तीन विकेट चटकाए।

इससे पहले मुंबई ने अपनी पहली पारी में 429 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। टीम के लिए कप्तान सिद्धेश लाड ने 86, मुशीर खान ने 65 रन, कोटियान ने 58 और मोहित अवस्थी ने नाबाद 56 रन की पारी खेली थी।

राजस्थान ने इस ग्रुप के अन्य मैच में दूसरी पारी में चार विकेट पर 81 रन बना लिए हैं। पहली पारी में 89 रन की बढ़त हासिल करने वाली राजस्थान की कुल बढ़त 170 रन हो गई है।

राजस्थान के पहली पारी में 363 रन बनाने के जवाब में तमिलनाडु की टीम 98.4 ओवर में 274 रन पर सिमट गई। आंद्रे सिद्धार्थ ने सर्वाधिक 81 रन बनाए, जबकि प्रदोष रंजन पॉल ने 58 और नारायण जगदीशन ने 55 रन का योगदान दिया। राजस्थान की ओर से अजय सिंह कुकना ने 51 रन देकर पांच विकेट झटके।

मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में रेलवे ने उत्तराखंड से पहली पारी में 192 रन से पिछड़ने के बाद दूसरी पारी में बिना विकेट खोए 34 रन बना लिए थे। रेलवे की टीम अब भी 158 रन पीछे है।

स्टंप्स के समय विवेक सिंह 18 और सूरज आहूजा 16 रन बनाकर क्रीज पर थे।

रेलवे ने पहली पारी में 278 रन बनाये थे जिसके जवाब में उत्तराखंड ने 470 रन बनाये।

रोहतक के बंसी लाल क्रिकेट स्टेडियम में हरियाणा को हिमाचल प्रदेश के खिलाफ जीत के लिए अंतिम दिन 45 रन और बनाने हैं, जबकि उसके तीन विकेट गिर चुके हैं।

जीत के लिए 71 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए हरियाणा ने दूसरी पारी में 26 रन तक तीन विकेट गंवा दिये।

पहली पारी में 43 रन से पिछड़ने वाली हिमाचल प्रदेश की टीम दूसरी पारी में 113 रन पर आउट हो गई। पार्थ वत्स ने 22 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि अंशुल कंबोज, कनिष्क चौहान और अमन कुमार ने दो-दो विकेट हासिल किए।

हिमाचल के अर्पित गुलेरिया ने दूसरी पारी में दो विकेट लेकर मुकाबले में रोमांच बढ़ा दिया।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर