Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

आम आदमी पार्टी 'वोट चोरी' के खिलाफ 15 अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शन करेगी: सौरभ भारद्वाज

नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ 15 अक्टूबर को यहां व्यापक विरोध प्रदर्शन करेगी और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करेगी। पार्टी की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

भारद्वाज ने कहा कि राज्य, जिला, विधानसभा और वार्ड स्तर के पार्टी विधायक, पार्षद और पदाधिकारी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे। यह घोषणा प्रदर्शन की आगे की रणनीति पर चर्चा के लिए पार्टी नेताओं की बैठक के बाद की गई।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी प्रमुख मांग ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा है। जब तक वह इस्तीफा नहीं देते, हमारा विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।’’

आप नेता ने कहा कि पुलिस कार्रवाई के बावजूद पार्टी शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी।

उन्होंने जंतर-मंतर को निर्धारित विरोध प्रदर्शन स्थल के रूप में अधिसूचित सूची से हटाने के सरकार के फैसले की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि यदि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाती है, तो पार्टी रामलीला मैदान में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के लिए तैयार है।

पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने आरोप लगाया कि सरकार विरोध प्रदर्शन को दबाने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल कर रही है तथा सार्वजनिक परिवहन और इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध लगा रही है।

उन्होंने कहा कि पार्टी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को रद्द करने और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग कर रही है।

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश