Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

भारतीय विमानन कंपनियों ने सऊदी अरब के विभिन्न शहरों के लिए अपनी उड़ानें 17 अक्टूबर तक रद्द कीं

नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) ‘इंडिगो’, ‘एअर इंडिया एक्सप्रेस’, ‘एअर इंडिया’ और ‘आकासा एयर’ ने मंगलवार को घोषणा की कि सऊदी अरब में बदलती स्थिति को देखते हुए इस खाड़ी देश के शहरों को जोड़ने वाली उड़ानें 17 अक्टूबर तक रद्द कर दी गई हैं।

हाल के दिनों में रियाद हवाई अड्डे समेत सऊदी अरब में विभिन्न स्थानों पर कई हमले हुए हैं।

‘इंडिगो’ ने मंगलवार को ‘एक्स’ पर लिखा कि सऊदी अरब में बदलती स्थिति के कारण, रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना जाने एवं वहां से आने वाली उड़ानें 17 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी।

‘एअर इंडिया एक्सप्रेस’ ने एक बयान में कहा, ‘‘क्षेत्र में बदलती स्थिति को देखते हुए, हमने दम्माम, जेद्दा और रियाद जाने एवं वहां से आने वाली उड़ानें 17 अक्टूबर तक रद्द कर दी हैं। प्रभावित यात्रियों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के यात्रा की तारीख बदलने या टिकट रद्द करने पर पूरा किराया पाने का विकल्प दिया जा रहा है। हम स्थिति पर लगातार नज़र रखे हुए हैं।’’

‘एअर इंडिया’ ने रियाद, दम्माम और जेद्दा जाने एवं वहां से आने वाली उड़ानों को 17 अक्टूबर तक रद्द करने की घोषणा करते हुए कहा कि वह सुरक्षित रूप से उड़ानें बहाल करने के लिए इस क्षेत्र में हो रही गतिविधियों पर बारीकी से नज़र रख रही है और उनका आकलन कर रही है।

एयरलाइन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह प्रभावित यात्रियों को उड़ान रद्द होने पर पूरा किराया लौटा रही है।

‘आकासा एयर’ ने कहा कि पश्चिम एशिया में बिगड़ते सुरक्षा हालात और जोखिमों को देखते हुए, उसने रियाद और जेद्दा की अपनी सभी उड़ानों का निलंबन 17 अक्टूबर तक बढ़ा दिया है।

एयरलाइन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘यह फ़ैसला बदलती हुई स्थिति का सावधानी से आकलन करने के बाद किया गया है, जिसमें सुरक्षा को सबसे ज़्यादा अहमियत दी गई है। हम लगातार हालात पर नज़र बनाए हुए हैं और समय से स्थिति का आकलन कर रहे हैं।’’

पिछले हफ़्ते विमानन कंपनियों ने रियाद के लिए अपनी सेवाएं कुछ समय तक स्थगित कर दी थीं, क्योंकि वहां के हवाईअड्डे पर कथित तौर पर हूती विद्रोहियों ने हमला किया था।

ईरान समर्थित हूती संगठन और सऊदी अरब के बीच तनाव बढ़ गया है।

भाषा

राजकुमार अविनाश

अविनाश