रांची, 13 अक्टूबर (भाषा) ओडिशा के नवनियुक्त राज्यपाल ब्रज मोहन राम ने मंगलवार को कहा कि वह गरीबों के लिए काम करेंगे, बुनियादी मुद्दों के समाधान पर ध्यान देंगे और लोगों की आवश्यक जरूरतों को पूरा करने का प्रयास करेंगे।
झारखंड से तीन बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद रह चुके राम ने कहा कि वह सुनिश्चित करेंगे कि ओडिशा तरक्की करे और लोगों को कोई परेशानी न हो।
रांची के मोरहाबादी में परिवार के साथ एक हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद राम ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “पार्टी ने मुझ जैसे कार्यकर्ता को मान्यता दी है। मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के आशीर्वाद के लिए उनका आभारी हूं।”
उन्होंने कहा, “मैं गरीबों के लिए काम करूंगा और उन लोगों को न्याय दिलाऊंगा, जो इससे वंचित हैं। मैं बुनियादी मुद्दों को हल करने और लोगों की आवश्यक जरूरतों को पूरा करने की कोशिश करूंगा, ताकि उन्हें कोई परेशानी न हो। मैं राज्य की खुशहाली के लिए काम करूंगा।”
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड के पलामू जिला निवासी राम को सोमवार को ओडिशा का नया राज्यपाल नियुक्त किया। वह हरि बाबू कंभमपति की जगह लेंगे, जिन्होंने तीन जनवरी 2025 को पदभार संभाला था।
राम ने अविभाजित बिहार में 1996, 1998 और 1999 में तीन बार पलामू लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने 1991 से 1995 तक बिहार विधानसभा के सदस्य के तौर पर सेवाएं दी थीं।
उन्होंने कहा, “मैंने लगातार कड़ी मेहनत की है और संगठन का एक सक्रिय एवं ईमानदार सदस्य बना रहा हूं। आजकल टिकट न मिलने पर लोग अक्सर दूसरी पार्टी में चले जाते हैं। मैं पार्टी के साथ ही रहा और भाजपा उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए काम किया।”
भाषा पारुल सुरेश
सुरेश