हैदराबाद, 13 अक्टूबर (भाषा) वेस्टइंडीज के मुख्य कोच डेरेन सैमी ने मौजूदा टी20 शृंखला के शुरुआती छह ओवरों को काफी अहम करार देते हुए मंगलवार को कहा कि भारत को उसी की धरती पर हराने के लिए उनकी टीम को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में पावरप्ले जीतने होंगे।
भारत पांच मैच की शृंखला में 2-1 से आगे है। दोनों टीमों के बीच बुधवार को यहां चौथा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला जाएगा।
सैमी ने कहा कि गेंदबाजी के दौरान पावरप्ले में काफी रन लुटाने के कारण वेस्टइंडीज को हर बार मैच में वापसी करने के लिए अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ी है।
सैमी ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि पावरप्ले में हम पिछड़ रहे है। इसी वजह से हम शृंखला में 2-1 की बढ़त नहीं बना पाये है। हम भी 2-1 से आगे हो सकते थे।’’
उन्होंने बताया कि वेस्टइंडीज की टीम पावरप्ले के बाद के तीनों चरणों में भारत की रन गति को 10 रन प्रति ओवर से नीचे रखने में सफल रही है लेकिन पावरप्ले में भारतीय बल्लेबाजों ने लगभग 14.5 रन प्रति ओवर की दर से रन बनाए।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे लिए पावरप्ले को नियंत्रित करना अहम है। अब तक हर बार हमें मैच में वापसी करने के लिए संघर्ष करना पड़ा है। यह ऐसा क्षेत्र है, जिसमें हमें सुधार करने की जरूरत है।’’
सैमी ने कहा, ‘‘भारत को भारत में हराने के लिए आपको बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों के पावरप्ले जीतने होंगे।’’
सैमी का मानना है कि शृंखला में वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी भारत के मुकाबले अच्छी रही है। कुछ मुकाबलों में उनकी टीम ने भारत से अधिक छक्के भी लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम बल्लेबाजी के अनुकूल परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाने की कोशिश कर रही है, क्योंकि आपको हमेशा ऐसी पिचों पर खेलने का मौका नहीं मिलता है।
उन्होंने कहा, ‘‘जब आपको बल्लेबाजी के लिए अच्छी पिचें मिलती हैं, तो आपको हमेशा लगता है कि आप मुकाबले में बने हुए हैं। दो बड़े ओवर आपको फिर से मैच में वापस ला सकते हैं।’’
सैमी ने माना कि ऐसी पिचों पर गेंदबाजों के लिए चुनौती ज्यादा कठिन होती है। जहां 200 या उससे अधिक का स्कोर आम बात हो, वहां गेंदबाजों के पास गलती की गुंजाइश बेहद कम रहती है।
उन्होंने कहा, ‘‘यहां अंतर बहुत मामूली होता है, लेकिन हमने देखा है कि अगर आप अपनी योजनाओं को सही तरीके से लागू करते हैं, तो मुकाबले में बने रह सकते हैं। हम सभी जानते हैं कि इन पिचों पर अक्सर 200 से अधिक रन बनते हैं। अगर 200 रन औसत स्कोर है, तो आपको विपक्षी टीम को 250 तक पहुंचने से रोकना होगा।’’
सैमी ने भारतीय गेंदबाजों की यॉर्कर डालने की क्षमता का उदाहरण देते हुए कहा कि बल्लेबाजों को रोकने के लिए कौशल का सही इस्तेमाल जरूरी है।
सैमी ने इस धारणा को भी खारिज किया कि वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी काफी हद तक शाई होप पर निर्भर है। होप इन दिनों शानदार फॉर्म में हैं। सैमी ने माना कि होप क्रीज पर मौजूद रहते हुए टीम को स्थिरता प्रदान करते हैं, लेकिन अन्य बल्लेबाजों ने भी अहम योगदान दिया है।
सैमी ने कहा, ‘‘जब होप क्रीज पर होते हैं, तो वह मध्यक्रम में स्थिरता लेकर आते हैं। दबाव की स्थिति में हमारे कुछ अन्य खिलाड़ियों को भी उनके इस संयमित रवैये से सीखने की जरूरत है। लेकिन मैच जीतने की वजह सिर्फ वह नहीं हैं। अन्य बल्लेबाजों ने भी योगदान दिये हैं।’’
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर