Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

योगी सरकार की युवा नीतियों पर ग्रामीण स्तर पर संवाद, रोजगार और खेल सुविधाओं की उठी मांग

युवाओं को रोजगार, कौशल विकास, खेल और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए मुजफ्फरनगर में युवा नीति संवाद का आयोजन किया गया। चरथावल स्थित नालंदा पब्लिक स्कूल में हुए इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना और प्रस्तावित उत्तर प्रदेश राज्य युवा आयोग पर चर्चा हुई। युवाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल मैदानों की व्यवस्था, कौशल विकास के अवसर और शिक्षा से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि युवा केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार पैदा करने, तकनीक, खेल और सामाजिक बदलाव में अहम भूमिका निभाने की क्षमता रखते हैं। प्रदेश के विकास के लिए युवाओं की प्रतिभा को सही दिशा देना और उन्हें पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है।

युवा नौकरी पाने के साथ रोजगार देने वाले भी बनें: विचित्र त्यागी

समाजसेवी विचित्र त्यागी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विभिन्न वर्गों के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीन पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है। युवाओं को अपनी क्षमता पहचानकर उसका इस्तेमाल प्रदेश और देश के विकास में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि रोजगार देने वाला बनने का लक्ष्य भी रखना चाहिए।

खेलों में अवसर मिलने से बढ़ा खिलाड़ियों का प्रदर्शन: रवि बालियान

समाजसेवी रवि बालियान ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में खेलों को प्रोत्साहन मिलने से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिले हैं। प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

अनुशासन और धैर्य से मिलती है सफलता: गोपालचंद शर्मा

एडवोकेट गोपालचंद शर्मा ने प्रस्तावित युवा आयोग को युवाओं की समस्याएं सुनने और उनके समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने युवाओं से इंटरनेट और डिजिटल माध्यमों का सही इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि तकनीक का उपयोग ज्ञान बढ़ाने, कौशल सीखने और करियर को बेहतर बनाने के लिए किया जाना चाहिए।

अपराध मुक्त माहौल विकास की बुनियाद: विपुल त्यागी

समाजसेवी विपुल त्यागी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में अपराध और माफिया के खिलाफ कार्रवाई को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि कानून का राज और सुरक्षित वातावरण युवाओं को शिक्षा, रोजगार और भविष्य की योजनाओं पर भरोसे के साथ आगे बढ़ने में मदद करता है।

ग्रामीण युवाओं की समस्याएं शासन तक पहुंचाएगी होप संस्था

होप संस्था के संस्थापक डॉ. दिग्विजय सिंह ने बताया कि ग्रामीण युवाओं की समस्याओं और अपेक्षाओं को समझने के लिए संस्था 15 से 20 और कार्यक्रम आयोजित करेगी। इन संवादों के जरिए युवाओं की वास्तविक जरूरतों को सामने लाकर उनकी आवाज शासन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

विद्यार्थियों ने खेल मैदान और युवा आयोग की उठाई मांग

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी अपनी बात रखी। कक्षा 10 के छात्र आरव त्यागी ने युवाओं से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए प्रस्तावित युवा आयोग की आवश्यकता बताई। उन्होंने सुरक्षित वातावरण को युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। वहीं, देव धारीवाल ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल मैदानों की व्यवस्था करने की मांग की।

कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, खेल, तकनीक और अपराध मुक्त माहौल जैसे विषयों पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं की जरूरतों और आकांक्षाओं को नीतियों से जोड़कर ही उन्हें प्रदेश के विकास में प्रभावी भागीदारी का अवसर दिया जा सकता है।