नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) सड़क और रेलवे सहित विभिन्न मंत्रालयों की 20.23 लाख करोड़ रुपये की 400 से अधिक बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को मंजूरी देने की सिफारिश की गई है। एक आधिकारिक बयान में मंगलवार को यह जानकारी दी गई।
ये परियोजनाएं 13 अक्टूबर, 2021 को शुरू की गई पीएम गतिशक्ति पहल के तहत गठित नेटवर्क योजना समूह (एनपीजी) ने मंजूरी के लिए सुझाई हैं।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने कहा, ‘‘एनपीजी ने पीएम गतिशक्ति के सिद्धांतों के आधार पर लगभग 20.23 लाख करोड़ रुपये की 400 से अधिक बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का मूल्यांकन किया।’’
इस पहल की शुरुआत माल ढुलाई की लागत कम करने के लिए एकीकृत बुनियादी ढांचा विकसित करने के उद्देश्य से की गई थी। 500 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश वाली सभी माल ढुलाई और संपर्क बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को एनपीजी के माध्यम से आगे बढ़ाया जाता है।
मंत्रालय ने कहा कि पीएम गतिशक्ति डिजिटल मंच पर 1,800 से अधिक आंकड़ा समूहों को एकीकृत किया गया है। इसमें 58 केंद्रीय मंत्रालयों एवं विभागों के साथ सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की जानकारी शामिल है। इस पोर्टल पर भूमि रिकॉर्ड, बंदरगाह, वन, स्कूल, रेलवे स्टेशन, जल निकाय, दूरसंचार टावर और राजमार्गों से संबंधित आंकड़े उपलब्ध हैं।
मंत्रालय ने कहा, ‘‘इस मंच ने 65 से अधिक सॉफ्टवेयर मॉड्यूल और उपकरणों तथा 100 से अधिक मोबाइल और वेब एप्लिकेशन के विकास एवं एकीकरण में भी मदद की है। इससे देशभर में आंकड़ों पर आधारित बुनियादी ढांचा योजना को मजबूती मिली है।’’
भाषा योगेश अजय
अजय