बदायूं (उप्र), 13 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के एक गांव में घास काटने को लेकर हुए विवाद के बाद 50 वर्षीय एक किसान की कथित तौर पर ईंटों और पत्थरों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और बीच-बचाव करने की कोशिश कर रहे तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
वहीं, गुस्साई भीड़ ने एक आरोपी को कथित तौर पर पेड़ से बांधकर उसकी पिटाई की, जिसके बाद कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस के अनुसार, एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि दो अन्य फरार हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना वजीरगंज थाना क्षेत्र के फतेह नगला गांव में हुई।
उन्होंने कहा कि खेमकरन (50) अपने घर के पास घास काट रहा था, तभी गांव के एक युवक अवनीश से उसकी कहासुनी हो गई।
सूत्रों ने बताया कि आरोपी और उसके साथियों ने खेमकरन पर कथित तौर पर ईंटों और पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतक के परिवार के अनुसार, उसे बचाने की कोशिश के दौरान तीन लोग घायल हो गए। परिवार ने अवनीश, मुरारी और पाम सिंह पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है।
एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि दो अन्य फरार हैं।
परिवार ने यह दावा भी किया कि आरोपी शराब के नशे में थे।
अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद वजीरगंज, बिसौली और बिल्सी थानों की पुलिस गांव पहुंची और आरोपी को भीड़ से बचाया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हृदयेश कठेरिया ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है और मुख्य आरोपी अवनीश को हिरासत में ले लिया गया है।
उन्होंने कहा कि गांव में स्थिति शांतिपूर्ण है और पुलिस घटना की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि विवाद किन परिस्थितियों में हुआ और उसके बाद हमला कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
भाषा सं आनन्द जोहेब
जोहेब