Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

नाइट क्लब में पिटाई से कैब चालक की मौत, पांच गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली के एक नाइट क्लब में महिला पर बीयर गिरने को लेकर हुए विवाद के दौरान बाउंसर द्वारा की गयी कथित पिटाई से 29 वर्षीय कैब चालक की मौत हो गयी। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि इस घटना के संबंध में क्लब प्रबंधक व उसकी पत्नी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि यह घटना 10 अक्टूबर देर रात सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र के अंतर्गत अशोक पार्क मेट्रो स्टेशन के पास स्थित 'टॉर हाउस' नाइटक्लब में हुई। गिरफ्तार किए गए पांच लोगों में तीन बाउंसर भी शामिल हैं।

मृतक की पहचान रघुवीर नगर निवासी दलजीत के रूप में हुई है। उसके परिवार में पत्नी पूजा, आठ साल का बेटा और उसके पिता हैं।

पुलिस के मुताबिक, दलजीत अपने पांच-छह दोस्तों के साथ पार्टी करने नाइटक्लब गया था, तभी क्लब प्रबंधक की पत्नी पर कुछ तरल पदार्थ गिर गया। इसके बाद बहस शुरू हो गई और बाउंसर को बुलाया गया और दलजीत को कथित तौर पर पीटा गया।

दलजीत और उसके दोस्तों ने माफी मांगी, लेकिन वे लाठियों और कांच की बोतलों से इस समूह की पिटाई करते रहे।

मृतक के दोस्तों ने मीडियाकर्मियों को बताया कि दलजीत को छुड़ाने की कोशिशों के बावजूद हमलावर उसे पीटते रहे। उसके एक दोस्त सनी ने कहा, 'हमारी बर्बरता से पिटाई की गई।'

उसने आरोप लगाया कि जब समूह ने भागने की कोशिश की, तो बाउंसर ने उन्हें वापस अंदर घसीटा और फिर से उनके साथ मारपीट की।

उसके दोस्तों के मुताबिक दलजीत के जबड़े में फ्रैक्चर हो गया और उसे कई गंभीर चोटें आईं।

उसके दोस्त निशु और पवन किसी तरह उसे क्लब से बाहर निकालने में कामयाब रहे और उसके घर ले आए। दलजीत अपने घर के बाहर गिर पड़ा, जिसके बाद उसकी पत्नी और दोस्त उसे गुरु गोविंद सिंह अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि दलजीत मारपीट के बाद घर लौट आया था और अस्वस्थ महसूस कर रहा था।

पुलिस ने बताया कि उसकी पत्नी बाद में उसे अस्पताल ले गई, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

सनी ने कहा, 'मुझे उसकी पत्नी का फोन आया था और बताया था कि हम उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।'

उसने कहा, 'हमने सीसीटीवी फुटेज देखी है और यह भयानक थी। दलजीत की बर्बरता से पिटाई की गई। जिन्होंने उसके साथ ऐसा किया है उन्हें सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।'

पीड़ित के दोस्तों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान एक आरोपी ने हथियार लहराया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि आरोपियों ने समूह से नकदी और दो मोबाइल फोन छीन लिए। पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है।

पुलिस ने नाइटक्लब का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) जब्त कर लिया है और घटनाओं के क्रम को समझने तथा मारपीट में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।

परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान उन्होंने पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन किया था, लेकिन एक पुलिस वैन क्लब के बाहर आई और बिना कोई पूछताछ किए चली गई। इस आरोप की जांच की जा रही है।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या नाइटक्लब के पास देर रात तक संचालन की आवश्यक अनुमति थी या नहीं।

भाषा नोमान नोमान अविनाश

अविनाश