हैदराबाद, 13 अक्टूबर (भाषा) हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर एक यात्री के पास से 7.750 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, जब्त गांजे की अवैध बाजार में कीमत करीब 2.71 करोड़ रुपये आंकी गई है।
डीआरआई की हैदराबाद क्षेत्रीय इकाई ने विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर 12 अक्टूबर को बैंकॉक की उड़ान से आए एक भारतीय यात्री पर नजर रखी थी। संदेह था कि वह अपने सामान में गांजा लेकर आ रहा है।
डीआरआई की विज्ञप्ति के अनुसार, अधिकारियों की एक टीम ने हवाईअड्डे पर यात्री को रोककर उसके सामान की जांच की जिसमें एक इलेक्ट्रिक गीजर मिला।
गीजर को खोलने पर उसमें हरे रंग के पदार्थ वाले 73 पैकेट मिले, जिनका कुल वजन 7.750 किलोग्राम था।
विज्ञप्ति में कहा गया कि मादक पदार्थों की पहचान करने वाली किट से जांच करने पर यह पदार्थ गांजा निकला।
डीआरआई ने बताया कि गांजे को जब्त कर लिया गया है और यात्री को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है।
भाषा राखी पवनेश
पवनेश