(एम जुल्करनैन)
लाहौर, 13 अक्टूबर (भाषा) जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटे ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आपातकाल लगाए जाने के पाकिस्तान सरकार के फैसले को मंगलवार को ‘‘कायरतापूर्ण हरकत’’ करार दिया, जबकि उनके पिता की पार्टी ने सेना पर आरोप लगाया कि वह इलाके में दुर्लभ खनिजों के भंडार पर कब्जा करना चाहती है।
राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने रविवार को संविधान के अनुच्छेद 232(1) और 234(1) का इस्तेमाल करते हुए खैबर पख्तूनख्वा में आपातकाल लागू कर दिया। उन्होंने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का हवाला दिया, जिससे जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ की प्रांतीय सरकार का शासन खत्म हो गया।
इमरान खान के बेटे कासिम खान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘पाकिस्तान के तानाशाह और बेईमान शासक लोकतंत्र को खत्म कर रहे हैं और अब उन्होंने खैबर पख्तूनख्वा के चुने हुए मुख्यमंत्री को गिरफ्तार कर लिया है। दुनिया को यह सब देखना चाहिए। सत्ता में बने रहने के लिए लोगों की आवाज दबाने की (सेना प्रमुख आसिम) मुनीर की बार-बार की शर्मनाक और कायरतापूर्ण हरकतें। शर्मनाक।’’
इमरान खान (73) को 5 अगस्त 2023 को भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था और तब से वह जेल में हैं। उन्हें रावलपिंडी के बाहरी इलाके में स्थित अडियाला जेल में रखा गया है। उनके दो बेटे, सुलेमान खान और कासिम खान, ब्रिटिश नागरिक हैं।
इस बीच, इमरान की पार्टी ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि प्रांत में आपातकाल वहां के प्राकृतिक संसाधनों --तेल, गैस और खनिजों -- की वजह से लगाया गया है।
बयान में कहा गया, ‘‘फैसल करीम कुंडी (खैबर पख्तूनख्वा के राज्यपाल) और आसिम मुनीर ने जिन खनिजों की मार्केटिंग की थी, खैबर पख्तूनख्वा की जनता द्वारा चुनी गई सरकार उनके दोहन और उन्हें दुनिया को बेचने की राह में बाधा बन रही थी।’’
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में राजनीतिक नेता जावेद हाशमी ने कहा, ‘‘सेना, जो राज्यपाल शासन और आपातकाल लागू करने के लिए चरमपंथ का राग अलापती रही है, अब उसके इरादे सबके सामने आ गए हैं। पूरी दुनिया जानती है कि खैबर पख्तूनख्वा में दुर्लभ खनिजों का प्रचुर भंडार है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वहां खदानें भी हैं। आसिम मुनीर व्हाइट हाउस गए थे और उन्होंने ट्रंप को खनिज के इस भंडार के बारे में बताया था।’’
हाशमी पिछले साल हुए प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के वॉशिंगटन दौरे का जिक्र कर रहे थे, जिस दौरान उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को दुर्लभ खनिज के नमूने दिखाए थे।
हाशमी ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान सरकार उस इलाके से चीन को हटाना चाहती है जो पहले से ही वहां कार्य कर रहा है, और उस प्रांत में अमेरिका को लाना चाहती है।
प्रांत के प्रमुख जातीय समूह, पश्तूनों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘सेना ने आपको अमेरिका को सौंपने के लिए दुनिया के सामने आतंकवादियों के तौर पर पेश किया है। इमरान खान सचमुच उनके और आपके बीच आखिरी दीवार हैं। उनके (शहबाज और मुनीर के) इस कृत्य का नुकसान आपकी आने वाली पीढ़ियों को उठाना पड़ेगा।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि सेना के अगले निशाने पंजाब और सिंध हैं।
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश