Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

मुंबई तट के पास ओएनजीसी के तेल प्लेटफॉर्म पर लगी आग, कोई हताहत नहीं

नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम लिमिटेड (ओएनजीसी) के मुंबई तट के पास स्थित एक तेल प्लेटफॉर्म पर आग लग गई, हालांकि आग पर काबू पा लिया गया और इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

सूत्रों ने बताया कि सोमवार सुबह एनक्यूजी प्लेटफॉर्म के प्रोसेस गैस कंप्रेसर सी (पीजीसी-सी) में गैस कूलर का एक हिस्सा फटने के बाद आग लग गई।

उन्होंने बताया कि पास में स्थित एनक्यूओ प्लेटफॉर्म के कर्मचारियों ने एक घंटे से अधिक समय तक आग बुझाने का प्रयास किया, जिसके बाद उस पर काबू पा लिया गया।

एनक्यूजी प्लेटफॉर्म अरब सागर में भारत के पश्चिमी तट से दूर 'मुंबई हाई' क्षेत्र में ओएनजीसी के समुद्र में स्थित परिचालन का हिस्सा है। इस प्लेटफॉर्म पर प्राकृतिक गैस का प्रसंस्करण किया जाता है, जिसके बाद उसे मुख्य भूमि तक पहुंचाया जाता है।

मुंबई हाई अरब सागर में भारत के पश्चिमी तट से लगभग 160 किलोमीटर दूर स्थित है। यह देश का सबसे बड़ा, समुद्र में स्थित तेल क्षेत्र है और घरेलू कच्चे तेल के उत्पादन में इसका महत्वपूर्ण योगदान है।

इस तेल क्षेत्र को दो हिस्सों में बांटा गया है, जिनमें मुंबई हाई उत्तर (एमएचएन) और मुंबई हाई दक्षिण (एमएचएस) शामिल हैं। कंपनी के एक अधिकारी ने आग लगने की घटना की पुष्टि की, लेकिन कहा कि इससे परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा है।

एनक्यूओ प्लेटफॉर्म पर प्रतिदिन 40,000 बैरल से अधिक कच्चे तेल का प्रसंस्करण होता है। कच्चे तेल का इस्तेमाल पेट्रोल और डीजल जैसे ईंधन बनाने में किया जाता है।

मौजूदा तेल कीमतों के हिसाब से, यदि यह प्लेटफॉर्म बंद हो जाता है, तो ओएनजीसी को प्रतिदिन चार करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हो सकता है।

भाषा रवि कांत रवि कांत मनीषा

मनीषा