Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

दक्षिण कोरिया के शॉपिंग मॉल में व्यक्ति ने आठ लोगों को मारा चाकू

सियोल, 13 अक्टूबर (एपी) दक्षिण कोरिया के इंचियोन शहर में एक शॉपिंग मॉल के अंदर 59 वर्षीय एक व्यक्ति ने कम से कम आठ लोगों को चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि हमले में घायल एक महिला की हालत गंभीर है और उसकी पास के अस्पताल में सर्जरी करनी पड़ी है।

पुलिस के मुताबिक, हमलावर ने खरीदारी करने आए लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। बाद में वहां मौजूद लोगों ने उसे काबू किया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि, उसने आरोपी की पहचान उजागर नहीं की।

न्याय मंत्रालय के अनुसार, आरोपी मानसिक रूप से बीमार है और वह कई हिंसक वारदात को अंजाम दे चुका है, जिसके कारण उसे हर समय एक ‘इलेक्ट्रॉनिक एंकल मॉनिटर’ पहनने का निर्देश दिया गया था, ताकि उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

चश्मदीदों ने बताया कि हमलावर के दोनों हाथ में कई चाकू बंधे हुए थे और वह एस्केलेटर से मॉल की अलग-अलग मंजिलों पर आते-जाते हुए लोगों पर चाकू से हमला कर रहा था।

हमलावर को काबू में करने वाले लोगों में शामिल नाह हुन-जून ने ‘ओबीसी टीवी’ को बताया, “हमलावर एस्कलेटर से एक मंजिल से दूसरी मंजिल पर आ-जा रहा था और रास्ते में लोगों पर चाकू से वार कर रहा था। वह कुछ बोल नहीं रहा था। बस उसके सामने जो भी आता, वह उसे चाकू मार देता।”

नाह ने बताया कि उन्होंने अन्य लोगों के साथ मिलकर हमलावर को घेरा और आखिरकार एस्केलेटर के तीसरे मंजिल वाले प्रवेश बिंदु के पास उसे काबू में करके उसके चाकू छीन लिए।

अधिकारियों के मुताबिक, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि आरोपी ने हमला क्यों किया।

उन्होंने बताया कि घायलों को आसपास के अस्पतालों में ले जाया गया, जिनमें 20 वर्ष की एक युवती भी शामिल है, जिसकी अस्पताल पहुंचने पर दिल का दौरा पड़ने के कारण सर्जरी करनी पड़ी।

दक्षिण कोरिया की समाचार एजेंसी ‘योनहाप’ के अनुसार, आरोपी को 2015 में हत्या के प्रयास के जुर्म में चार साल की जेल की सजा सुनाई गई थी।

न्याय मंत्रालय ने बताया कि आरोपी को 2019 में इलेक्ट्रॉनिक निगरानी में रखा गया था और उस दौरान उसने कोई अपराध नहीं किया।

मंत्रालय ने बताया कि आरोपी ने पिछले महीने एक अस्पताल के बाहर विरोध में लगाए गए पोस्टर चाकू से फाड़ दिए थे, जिसके बाद उसके खिलाफ हथियार रखने के शक में मामला दर्ज किया गया था।

मंत्रालय ने बताया कि आरोपी शराब की लत से छुटकारा पाने के लिए विशेषज्ञ मदद ले रहा था और कुछ अज्ञात मानसिक बीमारियों का भी इलाज करवा रहा था।

मंत्रालय के मुताबिक, मंगलवार को हमले से पहले आरोपी ने पूर्वाह्न 10 से 11 बजे तक काउंसलिंग सत्र में हिस्सा लिया था और फिर 11:20 से 11:55 बजे तक वह अपने परिवीक्षा अधिकारी के साथ था।

मंत्रालय ने बताया कि आरोपी ने मॉल में हमला दोपहर 1:40 बजे शुरू किया। उसने बताया कि हमले से पहले उसके ‘इलेक्ट्रॉनिक एंकल मॉनिटर’ को नुकसान पहुंचाने के कोई संकेत नहीं मिले हैं।

परिवीक्षा अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने उनके साथ दोपहर 12:30 बजे तक खाना खाया था और फिर अपनी सारी दवाएं ली थीं।

एपी पारुल मनीषा

मनीषा