नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) आठ साल का वो बच्चा अब भी अपने पिता के घर लौटने का इंतजार कर रहा है जिनकी नाइट कल्ब के बाउंसरों ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।
दलजीत (29) की पत्नी पूजा ने रोते हुए कहा, ‘‘वह (बच्चा) मुझसे लिपटकर रोता है और अपने पिता के बारे में पूछता है। अब मैं उसे क्या बताऊं? वह बार-बार पूछता है कि हमारे घर के बाहर टैंट क्यों लगा है। मैं बस रो पड़ी और उससे कहा कि यह हमारा नहीं है।’’
पुलिस ने बताया कि उत्तर दिल्ली में अशोक पार्क मेट्रो स्टेशन के पास सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र में स्थित टोर हाउस नाइट क्लब में बीयर गिरने को लेकर प्रबंधक की पत्नी के साथ हुए विवाद के बाद बाउंसरों और क्लब के प्रबंधक ने कथित तौर पर दलजीत की बेरहमी से पिटाई की, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
इस घटना के सिलसिले में क्लब प्रबंधक, उसकी पत्नी और तीन बाउंसरों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना शनिवार देर रात हुई थी।
रघुवीर नगर निवासी दलजीत के परिवार में उनकी पत्नी, आठ साल का बेटा और उनके पिता हैं। वह परिवार में अकेले कमाने वाले सदस्य थे।
पति के जीवन के अंतिम घंटों को याद करते हुए पूजा ने बताया कि परिजनों ने उन्हें कई बार फोन करने की कोशिश की, लेकिन उनका फोन नहीं लग रहा था।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं उन्हें ढूंढने के लिए घर से निकलने ही वाली थी कि नीचे गई और उन्हें जमीन पर गंभीर रूप से घायल पड़ा देखा। मैं उन्हें ऊपर ले गई, उनके कपड़े बदले और उन्हें सोने दिया। जब मैंने सुबह उन्हें देखा तो वह बेहोश थे।’’
पूजा ने आरोप लगाया कि उनके पति को डंडों से बेरहमी से पीटा गया और उनके सिर तथा जबड़े पर वार किए गए।
उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें बेरहमी से पीटा गया और बार-बार पानी में डुबोया गया। उनके सिर और जबड़े पर वार किए गए। उन्हें मारने के लिए डंडों से पीटा गया और मुक्के मारे गए। उनकी मौत घर पर आने के बाद हुई थी।’’
पूजा ने कहा कि परिवार अब अपने छोटे बच्चे को इस त्रासदी के बारे में समझाने के लिए संघर्ष कर रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘जब हम उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे, तो मेरे बेटे ने मुझसे वादा करने को कहा कि मैं उसके पिता को सुरक्षित घर वापस लाऊंगी। मैंने उससे कहा कि उसके पिता अस्पताल में हैं। अब मैं उसे क्या बताऊं?’’ यह कहते हुए उनकी आंखों से आंसू बहने लगे।
उन्होंने कहा कि उनका बेटा उनसे लिपटकर रो रहा है।
पूजा ने कहा, ‘‘मेरा बेटा बार-बार अपने पिता से मिलाने के लिए कह रहा है। मुझे न्याय चाहिए। इन लोगों की वजह से मैंने अपने पति को खो दिया। ये बाउंसर हत्यारे हैं और इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।’’
पुलिस के अनुसार, दलजीत पांच . छह दोस्तों के साथ पार्टी करने नाइट क्लब गया था। वहां किसी महिला पर कोई तरल पदार्थ गिरने के बाद क्लब प्रबंधक के साथ कहासुनी हो गई। इसके बाद कथित तौर पर बाउंसरों को बुलाया गया और मारपीट शुरू हो गई।
पुलिस के अनुसार, दलजीत और उसके दोस्तों ने कथित तौर पर माफी मांगी और आरोपियों से मारपीट रोकने की गुहार लगाई, लेकिन हमला जारी रहा। बाद में कुछ और बाउंसर और वेटर भी मारपीट में शामिल हो गए। आरोप है कि समूह के सदस्यों को डंडों और कांच की बोतलों से पीटा गया।
दलजीत के दोस्तों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने वहां से भागने की कोशिश की, तो बाउंसर उन्हें घसीटकर वापस अंदर ले आए और दोबारा पीटा।
उन्होंने यह भी दावा किया कि मारपीट के दौरान इन लोगों पर पानी डाला गया और दलजीत का चेहरा ढक दिया गया। उसे गंभीर चोटें आईं, जिनमें जबड़े का टूटना भी शामिल है।
उसके दोस्त निशु और पवन समेत अन्य लोग आखिरकार उसे उसके घर ले जाने में सफल रहे, जहां प्रवेश द्वार के पास वह गिर पड़ा। उसे गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दलजीत के एक अन्य दोस्त सनी, जिसे सिर में मामूली चोट आई थी, ने कहा कि मारपीट सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है और उसने फुटेज को भयावह बताया। दोस्तों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों में से एक ने हथियार दिखाया और उन लोगों से नकदी तथा दो मोबाइल फोन ले लिए गए।
पुलिस ने नाइट क्लब का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर जब्त कर लिया है और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने तथा इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए फुटेज की जांच कर रही है।
भाषा राखी नरेश
नरेश