नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला सांसदों ने मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम को लोकसभा से निलंबित करने के लिए उनसे हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया।
बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति मुर्मू से जेएनयू में प्रोफेसर अकोइजम के कथित यौन उत्पीड़न की पीड़िताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया।
चौधरी ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वह मामले की जांच कराएंगी।
उन्होंने बताया कि 15 सांसदों के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से मुलाकात की और अनुरोध किया कि कांग्रेस सांसद को सदन से निष्कासित किया जाए, जो अब भी लोकसभा के सदस्य बने हुए हैं। प्रतिनिधिमंडल ने शिकायतकर्ता छात्राओं के लिए संरक्षण की भी मांग की।
चौधरी ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति ने हमें आश्वासन दिया कि वह मामले की जांच कराएंगी और सुनिश्चित करेंगी कि उचित कार्रवाई हो।’’
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘जेएनयू में हुई घटना मणिपुर से कांग्रेस सांसद प्रोफेसर अकोइजम की संलिप्तता वाली है।’’
उन्होंने कहा कि 11 युवतियों ने लिखित शिकायत देकर कथित कदाचार का आरोप लगाया है।
चौधरी ने कहा, ‘‘एक समिति ने जांच शुरू की और आंतरिक समिति ने उन्हें दोषी पाया। उन्हें वहां उनके पद से बर्खास्त कर दिया गया है।’’
चौधरी ने इस मुद्दे पर नहीं बोलने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा और सोनिया गांधी की आलोचना की और आरोप लगाया कि महिलाओं के सम्मान के लिए प्रतिबद्धता जताने वाले इन नेताओं ने इस मुद्दे पर चुप्पी साध रखी है।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रियंका गांधी का नारा ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ केवल बयानबाजी तक सीमित है।’’
चौधरी ने दावा किया कि शिकायतकर्ता छात्राएं डरी हुई हैं क्योंकि अकोइजम एक प्रभावशाली कांग्रेस नेता हैं जिन्हें पार्टी का समर्थन है।
उन्होंने कहा, ‘‘शिकायत दाखिल करने वाली युवतियां भी डर के साये में जी रही हैं।’’
उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से उन लड़कियों की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करने का अनुरोध किया था।
इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सांसद डी. पुरंदेश्वरी ने किया जिसमें चौधरी, दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज और अन्य महिला सांसद एवं नेता भी शामिल रहीं।
यह कदम भाजपा महिला मोर्चा द्वारा दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय और हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर किए गए प्रदर्शनों के एक दिन बाद उठाया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की थी कि कांग्रेस पार्टी इनर मणिपुर से सांसद अकोइजम को पार्टी से निष्कासित करे।
दिल्ली में सोमवार को हुए प्रदर्शन में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी के साथ भाजपा की कई महिला सांसद व कार्यकर्ता शामिल हुई थीं।
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय ने यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच में दोषी पाए जाने के बाद पिछले सप्ताह अकोइजम को सेवा से बर्खास्त कर दिया था। वह जेएनयू के ‘स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज’ के अंतर्गत ‘सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोशल सिस्टम’ में प्रोफेसर थे।
खबरों के मुताबिक, इस साल मई में कम से कम 11 छात्राओं ने प्रोफेसर के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज कराईं थीं। शिकायतों में आरोप लगाया गया कि अकोइजम ने मुलाकात के बहाने छात्राओं को विश्वविद्यालय परिसर स्थित अपने घर बुलाया और उनका यौन उत्पीड़न करने की कोशिश की। कुछ छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि वह कक्षा में अश्लील और अनुचित बातें करते थे।
भाषा वैभव नरेश
नरेश