ठाणे, 13 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में किफायती आवास उपलब्ध कराने का वादा कर करीब 80 लोगों से लगभग 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में एक दंपति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत के बाद ठाणे ग्रामीण पुलिस ने राजेंद्र मोरे और उनकी पत्नी लीना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा महाराष्ट्र जमाकर्ताओं के हितों का संरक्षण (वित्तीय प्रतिष्ठानों में) अधिनियम, 1999 के तहत मामला दर्ज किया है।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा को सौंप दी गई है। शाखा ने पीड़ितों से सबूतों के साथ सामने आने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, दंपति ने 2015 से टिटवाला पूर्व में किफायती आवास की कई परियोजनाएं शुरू की थीं और खरीदारों से पैसे एकत्र किए थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने कम कीमत पर घर उपलब्ध कराने का वादा करके करीब 80 खरीदारों को अपने जाल में फंसाया और उनसे लगभग 50 लाख रुपये वसूले। बाद में उन्होंने न तो मकानों का निर्माण किया और न ही तय समयसीमा के भीतर फ्लैट का कब्जा सौंपा।
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश