इंदौर (मध्यप्रदेश), 11 अक्टूबर (भाषा) भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने रविवार को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के पूर्व सचिव संजय जगदाले के जीवन पर लिखी पुस्तक ‘संजय जगदाले : रग-रग में क्रिकेट’ का विमोचन किया।
इस मौके पर गावस्कर ने किताब के शीर्षक का उल्लेख करते हुए कहा कि जगदाले की रग-रग में क्रिकेट समाया है और उन्होंने क्रिकेट की ना सिर्फ सेवा की, बल्कि अपना पूरा जीवन इस खेल को समर्पित कर दिया।
किरण वाईकर और डॉ. सुनील दुधाले द्वारा लिखित पुस्तक के विमोचन समारोह में गावस्कर ने कहा कि जगदाले ने क्रिकेटर से लेकर कोच, मैनेजर, चयनकर्ता और प्रशासक के रूप में खेल को अपनी सेवाएं दीं।
उन्होंने कहा कि जगदाले के जीवन और क्रिकेट के प्रति उनके योगदान पर लिखी गई यह पुस्तक युवा क्रिकेटरों के लिए बहुत उपयोगी साबित होगी।
विमोचन समारोह में जगदाले ने कहा कि उन्हें अपने क्रिकेट जीवन में गावस्कर से बहुत कुछ सीखने को मिला है।
उन्होंने कहा कि गावस्कर व्यक्तिगत जीवन में भी उनके साथ खेल चुके खिलाड़ियों के लिए हमेशा उपलब्ध रहते हैं।
जगदाले ने कहा कि गावस्कर और सचिन तेंदुलकर ने अपनी क्रिकेट प्रतिभा से उन्हें कम उम्र में ही प्रभावित कर दिया था।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश क्रिकेट संघ (एमपीसीए) के सचिव सुधीर असनानी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
पुस्तक में जगदाले के खेले गए 53 प्रथम श्रेणी मुकाबलों के अलावा कोच, एमपीसीए के सचिव एवं अध्यक्ष और बीसीसीआई के चयनकर्ता, संयुक्त सचिव व सचिव के रूप में उनके योगदान का उल्लेख है।
भाषा हर्ष जितेंद्र सुधीर
सुधीर