उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मंगलवार को लखनऊ स्थित अपने आवास पर जनता दर्शन के दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात कर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने और पात्रता व नियमों के अनुसार जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने चिकित्सा उपचार, आर्थिक सहायता, पुलिस से जुड़े मामले, राजस्व, जमीन विवाद और पारिवारिक समस्याओं सहित विभिन्न मुद्दों पर अपनी शिकायतें रखीं। उप मुख्यमंत्री ने प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनी।
अधिकारियों को जल्द कार्रवाई के निर्देश

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर शिकायत पर मामले की स्थिति के अनुसार जल्द कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान करते समय संवेदनशीलता, जवाबदेही और तत्परता बेहद जरूरी है।

उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों की जांच कर नियमानुसार प्रभावी कदम उठाने और पीड़ितों को राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्राथमिकता है।
