Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

तेज गेंदबाज रोहित के पांच विकेट से जम्मू कश्मीर ने मध्यप्रदेश की पारी को समेटा

श्रीनगर, 11 अक्टूबर (भाषा) मौजूदा चैंपियन जम्मू कश्मीर ने मध्यम तेज गति के गेंदबाज रोहित शर्मा के पांच विकेट के दम पर रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए के मैच के पहले दिन रविवार को यहां मध्य प्रदेश की पहली पारी को 196 रन पर समेट दिया।

जम्मू कश्मीर की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। आवेश खान ने तीसरे ओवर में सलामी बल्लेबाज शुभम खजूरिया को बिना खाता खोले आउट कर दिया। स्टंप्स के समय कामरान इकबाल तीन रन बनाकर खेल रहे थे, जबकि वंशज शर्मा का खाता नहीं खुला था।

जम्मू कश्मीर ने शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया जिसके बाद रोहित ने 21.2 ओवर में 36 रन देकर पांच विकेट लिये। उन्हें बायें हाथ के तेज गेंदबाज सुनील कुमार का अच्छा साथ मिला। सुनील ने 69 रन देकर चार विकेट चटकाये जिससे मध्य प्रदेश की टीम 74.2 ओवर में आउट हो गयी।

मध्य प्रदेश के कप्तान शुभम शर्मा ने एक छोर संभालते हुए 174 गेंदों पर 79 रन बनाए।

मध्य प्रदेश ने 41 रन तक अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। सलामी बल्लेबाज यश दुबे चार रन और हर्ष गवली 12 रन बनाकर आउट हुए, जबकि विकेटकीपर हिमांशु मंत्री 17 रन ही बना सके।

रोहित ने गवली और मंत्री को पवेलियन भेजने के बाद चंचल राठौर (33) और अथर्व महाजन (शून्य) को भी अपना शिकार बनाया। उनका पांचवां विकेट कप्तान शुभम शर्मा का रहा, जिनके आउट होते ही मध्य प्रदेश की पारी समाप्त हो गई।

सुनील कुमार ने यश दुबे, भारत के लिए हाल ही पदार्पण करने वाले सारांश जैन, आर्यन पांडे और आवेश को आउट किया। आकिब नबी ने भी रवि किरण का विकेट लिया।

विदर्भ ने नगापुर में पुडुचेरी के खिलाफ यश राठौड़ और कप्तान अक्षय वाडकर की नाबाद शतकीय पारियों से पांच विकेट पर 300 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली।

विदर्भ को शुरुआती झटके लगे और टीम ने 54 रन तक पांच विकेट गंवा दिये लेकिन इसके बाद राठोड़ ने 131 और वाडकर ने 112 रन की नाबाद पारियों के साथ टीम को और नुकसान नहीं होने दिया। दोनों ने अब तक छठे विकेट के लिए 146 रन की साझेदारी कर ली है।

बिहार के खिलाफ राजगीर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैदान में उत्तर प्रदेश ने पहले दिन तीन विकेट पर 195 रन बना लिए।

उत्तर प्रदेश ने शुरुआती विकेट गंवाए, लेकिन माधव कौशिक (नाबाद 90) और भारतीय बल्लेबाज रिंकू सिंह (नाबाद 56) की शानदार बल्लेबाजी ने पारी को संभाल लिया।

बड़ौदा ने गोवा के खिलाफ पहले दिन रविवार को तीन विकेट पर 204 रन बना लिए। पणजी जिमखाना मैदान पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बड़ौदा की टीम ने दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी पारी को अच्छी तरह संभाले रखा।

बड़ौदा के लिए शिवालिक शर्मा ने 62 रन बनाये जबकि स्टंप्स के समय शाश्वत रावत नाबाद 40 और दीपक हुड्डा नाबाद 38 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद है।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर