Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

फॉर्म-7 को लेकर प्राथमिकियां दर्ज होनी बंद नहीं हुईं, एसपी कार्यालयों का घेराव करेंगे : विजयेंद्र

बेंगलुरु, 11 अक्टूबर (भाषा) भाजपा की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने रविवार को चेतावनी दी कि अगर राज्य सरकार ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत फॉर्म-7 जमा करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकियां दर्ज करने पर रोक नहीं लगाई, तो भाजपा थानों और जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) के कार्यालयों का घेराव करेगी।

राज्य के सह-प्रभारी के. वेंकटेश की मौजूदगी में हुई भाजपा की कोर कमेटी की बैठक के बाद विजयेंद्र ने पत्रकारों से बात की।

उन्होंने बताया कि बैठक में कई प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हुई, जिनमें एसआईआर फॉर्म-7, राज्य सरकार की ओर से स्थायी निवास प्रमाणपत्र (पीआरसी) जारी करना, उपचुनाव और आने वाले जिला पंचायत व तालुक पंचायत चुनाव शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि समिति ने स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारी के लिए हर जिले में प्रभारी नियुक्त करने और चुनाव प्रबंधन समितियां बनाने का भी फैसला किया है।

विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार एसआईआर फॉर्म-7 को लेकर भ्रम फैला रही है।

उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार फॉर्म जमा करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके पुलिस तंत्र का दुरुपयोग किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कर्नाटक उच्च न्यायालय ने भी इस मामले पर राज्य सरकार को फटकार लगाई है।

विजयेंद्र ने कहा, 'इसके बावजूद अगर सरकार भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकियां दर्ज करना जारी रखती है, तो पार्टी चुप नहीं बैठेगी। कोर कमेटी ने फैसला किया है कि संबंधित पुलिस थानों और जिलों के पुलिस अधीक्षकों के कार्यालयों का घेराव किया जाएगा।'

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप