पणजी, 11 अक्टूबर (भाषा) गोवा पुलिस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे कई प्रदर्शनकारियों को रविवार को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही कार्रवाई करते हुए उन्हें रोक दिया।
अधिकारियों ने आजाद मैदान पहुंच रहे सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। उन्होंने इलाहाबाद उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश फर्डिन रेबेलो समेत कई मशहूर हस्तियों को भी मैदान में प्रवेश करने से रोक दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने पास की मुख्य सड़क पर विरोध-प्रदर्शन करने का प्रयास किया।
पुलिस ने कॉजपा की नेता अमरीन शेख समेत कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। एक प्रदर्शनकारी ने कहा, ’’हमें नहीं पता कि कितने लोगों को हिरासत में लिया गया है, क्योंकि आजाद मैदान की ओर जाने वाले हर व्यक्ति को पुलिस पकड़ रही थी।’’
राज्य में ‘इनफ इज इनफ’ आंदोलन का नेतृत्व कर रहे न्यायमूर्ति रेबेलो ने प्रशासन से उस कानून का हवाला देने की मांग की, जिसके तहत नागरिकों को आजाद मैदान में प्रवेश करने से रोका जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘गोवा की आजादी के लिए स्वतंत्रता सेनानियों ने संघर्ष किया था और अब हम निर्वाचन आयोग द्वारा सत्ता के दुरुपयोग से आजादी के लिए लड़ रहे हैं। आजाद मैदान में प्रवेश करना कोई अपराध नहीं है।’’
कॉजपा और विपक्षी दल मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
भाषा शफीक नेत्रपाल
नेत्रपाल