बलरामपुर, 11 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन मिलने पर राम राज्य की स्थापना को कोई ताकत नहीं रोक सकती।
योगी ने शारदीय नवरात्र की प्रतिपदा और अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर देवीपाटन मंदिर परिसर में ‘शिक्षा की उड़ान’ पहल के तहत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया।
उन्होंने इस दौरान विद्यार्थियों को स्टडी टेबल और आशीर्वाद पत्र वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां भगवती की आराधना का वास्तविक अर्थ समाज में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति की उपासना की परंपरा रही है और नवरात्र इस संकल्प को मजबूत करने का अवसर है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने नौ कन्याओं को तिलक लगाया, चुनरी ओढ़ाई और चॉकलेट भेंट की।
उन्होंने प्रदेशवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए विजयदशमी पर भगवान राम की विजय का उत्सव भव्यता से मनाने का आह्वान किया।
योगी ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में हर पांचवीं बेटी स्कूल में दाखिला लेने के बाद पढ़ाई बीच में छोड़ देती थी।
उन्होंने कहा कि उस समय कई विद्यालयों में शौचालय और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद इस समस्या की पड़ताल की गई।
उन्होंने बताया कि अब राज्य के 1.60 करोड़ बच्चों को हर साल दो बार वर्दी, बैग, किताबें, स्वेटर और जूते-मोजे उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
योगी ने कहा कि बेटियों की शिक्षा और महिलाओं का स्वावलंबन सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजनाओं के तहत मकान के लिए मिलने वाली धनराशि महिला मुखिया के नाम पर दी जाएगी तथा मकान का मालिकाना हक भी उसी का होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और कृषि, उद्यान, रेशम विकास, पराग मिल्क तथा कृषि विज्ञान केंद्र के स्टॉल का निरीक्षण किया।
उन्होंने बेसिक और कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के विद्यार्थियों को स्टडी टेबल वितरित कर प्रोत्साहित किया।
भाषा आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र