श्रीनगर, 11 अक्टूबर (भाषा) कश्मीर के राजनीतिक नेताओं ने सऊदी अरब के रियाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए मिसाइल हमले में कम से कम 12 लोगों की मौत और करीब 300 लोगों के घायल होने पर रविवार को चिंता जताई तथा संकट का उचित समाधान निकालने के लिए बातचीत करने की अपील की।
अपनी पार्टी के अध्यक्ष अल्ताफ बुखारी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘रियाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मिसाइल हमला बेहद चिंताजनक है, जिसमें कम से कम 12 लोगों की मौत हुई और 300 लोग घायल हुए हैं। इस सप्ताह हवाई अड्डे पर यह तीसरा हमला है, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई है।’’
पूर्व मंत्री बुखारी ने कहा कि आम लोगों और नागरिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय कानून का स्पष्ट उल्लंघन है और इसकी बिना किसी संदेह के निंदा की जानी चाहिए।
सऊदी अरब ने इस हमले के लिए हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया है।
कश्मीर के मुख्य मौलवी मीरवाइज उमर फारूक ने भी इस हमले पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इसके कारण पहले से ही गंभीर क्षेत्रीय संकट और बढ़ सकता है।
मीरवाइज ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले से खतरनाक स्थिति और विकराल हो गई है। इससे क्षेत्र में आम लोगों की तकलीफ बढ़ेगी और पहले से ही गंभीर क्षेत्रीय संकट के और फैलने का खतरा है।’’
उन्होंने संयम बरतने की अपील करते हुए विरोधी पक्षों से संकट का उचित समाधान निकालने के लिए बातचीत करने का आग्रह किया।
भाषा जोहेब नेत्रपाल
नेत्रपाल