नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने मध्य दिल्ली के जामा मस्जिद इलाके में एक दुकान के ऊपर बने गुप्त कक्ष से करीब 590 किलोग्राम अवैध पटाखे जब्त कर दो लोगों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जब्त किये गये पटाखों की कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है।
अधिकारी के अनुसार, पुलिस की सतर्कता शाखा ने पुख्ता सूचना के आधार पर आठ अक्टूबर को बाजार गुलियान स्थित एक दुकान पर अचानक छापा मारा।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम को दुकान की छत में लकड़ी का एक गुप्त पैनल मिला, जिसे खोलने पर अंदर एक बड़ा भंडारण कक्ष दिखाई दिया और वहां अलग-अलग किस्म के पटाखे रखे हुए थे।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए लोगों की पहचान जानकी दास और अभीक दास के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान उन्होंने खुलासा कि ये पटाखे किसी अन्य व्यक्ति ने उन्हें दिये थे।
इस मामले में जामा मस्जिद थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस पटाखों की आपूर्ति करने वाले व्यक्ति और इस मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए मामले की जांच कर रही है।
भाषा जितेंद्र सुरेश
सुरेश