Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

ट्रंप की यूक्रेन में नए राष्ट्रपति की मांग पर कीव का पलटवार, रूसी डेटा केंद्र पर ड्रोन हमला

कीव, 11 अक्टूबर (एपी) यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रविवार को कहा कि उनके देश में युद्ध के लिए केवल रूस जिम्मेदार है और अगर मॉस्को यूक्रेन के ऊर्जा ढांचे पर हमले रोक देता है तो यूक्रेन भी रूस की तेल रिफाइनरियों पर हमले रोक देगा।

जेलेंस्की का यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा अमेरिका में डीजल की ऊंची कीमतों के लिए जेलेंस्की को जिम्मेदार ठहराए जाने और यूक्रेन में नए नेता की जरूरत बताने के बाद आया है।

यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब कीव रूस में दूर तक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने का अभियान तेज कर रहा है। रविवार को यूक्रेन के ड्रोन हमले के कारण रूस की प्रमुख प्रौद्योगिकी कंपनी यांडेक्स का एक डेटा केंद्र बंद हो गया। चार दिन में कंपनी के केन्द्र पर यह तीसरा हमला था।

जेलेंस्की ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘अगर रूस हमारे ऊर्जा ढांचे पर हमले रोक देता है, तो यूक्रेन रूस की तेल रिफाइनरियों पर हमले रोकने के लिए तैयार होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ऊर्जा ढांचे पर हमले आज ही रोके जा सकते हैं, लेकिन पुतिन ऐसा नहीं करना चाहते।’’ उन्होंने कहा कि तनाव कम करने के लिए दोनों पक्षों को एक-दूसरे के खिलाफ हमले रोकने होंगे और इसके लिए ठोस गारंटी भी होनी चाहिए।

यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्रिय सिबिहा ने ट्रंप की टिप्पणियों का जवाब देते हुए शनिवार देर रात ‘एक्स’ पर लिखा कि जेलेंस्की देश की स्वतंत्रता के लिए जारी युद्ध का नेतृत्व कर रहे हैं।

सिबिहा ने लिखा, ‘‘उन्हें यूक्रेनी जनता का समर्थन प्राप्त है और फैसला करने का अधिकार उन्हीं के पास है। विदेश से आने वाले बयान केवल इस बात की पुष्टि करते हैं कि वह अपना काम अच्छी तरह कर रहे हैं।’’

दरअसल ट्रंप ने शनिवार को कहा था कि यूक्रेन को अब नया राष्ट्रपति चुनना चाहिए। उन्होंने संकेत दिया कि जेलेंस्की युद्ध समाप्त करने के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं कर रहे हैं और अमेरिका में डीजल की ऊंची कीमतों के लिए भी उन्हें जिम्मेदार ठहराया।

ट्रंप ने कहा, ‘‘मैं सुझाव देता हूं कि उन्हें ऐसा नया नेता चुनना चाहिए जो समझौता कर सके। वह कई समझौते कर सकते थे, लेकिन किसी कारण से उन्होंने ऐसा कभी नहीं किया।’’

अमेरिकी राष्ट्रपति ने शुक्रवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ रूस से डीजल खरीदने का समझौता किया था। अमेरिका में मध्यावधि चुनाव से पहले ईंधन की ऊंची कीमतों को कम करने के प्रयासों के तहत यह कदम उठाया गया। ट्रंप कई सप्ताह से जेलेंस्की पर रूस के ऊर्जा ढांचे पर हमले रोकने का दबाव बना रहे हैं।

यूक्रेन के ड्रोन हमले के कारण रूस की प्रमुख प्रौद्योगिकी कंपनी यांडेक्स का एक डेटा केंद्र रविवार को बंद हो गया। चार दिन में कंपनी के केन्द्र पर यह तीसरा हमला था। कीव रूस के भीतर स्थित बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने का अभियान बढ़ा रहा है।

रूस की राजधानी मॉस्को के पूर्व में स्थित व्लादिमीर शहर में डेटा केंद्र पर हुए हमले के कारण यांडेक्स की कई सेवाएं बाधित हो गईं। रूस के स्वतंत्र समाचार माध्यम ‘अस्त्रा’ के अनुसार, रूस के दर्जनों शहरों के साथ-साथ कजाखस्तान, बेलारूस और आर्मेनिया में उपयोगकर्ता टैक्सी बुक नहीं कर सके और बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल भी नहीं कर पाए।

एपी शोभना रंजन

रंजन