बांदा, 11 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शनिवार रात खेत में नलकूप के पास सो रहे एक बुजुर्ग किसान की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि घटना असोथर थाना क्षेत्र के सातोपीत गांव में हुई और मृतक की पहचान सीताराम पाल (65) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि सीताराम शनिवार रात अपने घर से करीब 150 मीटर दूर निजी नलकूप के पास सोने गए थे।
अधिकारी ने बताया कि नलकूप परिसर में सीताराम का एक छोटा मुर्गी फार्म भी है।
उन्होंने बताया कि रविवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने चारपाई पर खून से लथपथ शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी।
अधिकारी ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतक के परिजनों ने किसी से रंजिश होने की बात से इनकार किया और इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र