फिरोजपुर, 11 अक्टूबर (भाषा) पंजाब पुलिस की ‘काउंटर इंटेलिजेंस’ शाखा ने सेना के ठिकानों से जुड़ी गोपनीय जानकारी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) को भेजने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने रविवार को बताया कि इस जासूसी मामले में कथित भूमिका के लिए सेना के दो जवानों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, फरीदकोट की रहने वाली संदिग्ध महिला गुरनूर सिद्धू को हुसैनीवाला सीमा सड़क पर निर्माणाधीन पुल के पास से गिरफ्तार किया गया। उससे फिलहाल पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि उसे बृहस्पतिवार को सूचना मिली थी कि आरोपी सैन्य क्षेत्रों और छावनियों से जुड़ी गोपनीय जानकारी पाकिस्तानी एजेंसियों के साथ साझा करने की साजिश रच रहे हैं।
पुलिस के एक बयान के अनुसार, भारत-चीन सीमा पर तैनात सेना के दोनों जवानों ने कथित तौर पर संवेदनशील जानकारी जुटाई, जबकि सिद्धू ने मोबाइल फोन, टैबलेट और इंटरनेट के जरिए यह जानकारी भेजने में मदद की।
तीनों आरोपियों के खिलाफ सरकारी गोपनीयता अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत फाजिल्का के ‘स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल’ (एसएसओसी) थाने में मामला दर्ज किया गया है।
सुरक्षा एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि क्या फरीदकोट की सैन्य छावनी से जुड़ी संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान को भेजी गई थी।
कथित जासूसी नेटवर्क के दायरे और इसमें शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
भाषा जोहेब शोभना
शोभना