चेन्नई, 11 अक्टूबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि उन्होंने विकास को अपना ‘मंत्र’ माना है और तमिलनाडु के लोगों की सेवा करने तथा मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के साथ मिलकर राज्य की प्रगति सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 12 वर्ष में अलग-अलग क्षेत्रों में हुई तेजी से प्रगति का जिक्र किया, जिसमें रक्षा निर्यात में हुई अत्यधिक बढ़ोतरी भी शामिल है।
विजय के साथ मिलकर लगभग 13,000 करोड़ रुपये की लागत वाली रेलवे, सड़क और पेट्रोलियम से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करने के बाद अपने संबोधन में, प्रधानमंत्री ने विकास सुनिश्चित करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने हमेशा देश के विकास को ही अपना मंत्र माना है।’’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘(गुजरात के) मुख्यमंत्री के तौर पर, मैंने राज्य की उम्मीदों को समझा। प्रधानमंत्री बनने के बाद, मैंने न केवल उन उम्मीदों को पूरा करने की कोशिश की, बल्कि यह भी कोशिश की कि सभी राज्य अपने लक्ष्यों को हासिल कर सकें।’’
तमिलनाडु का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जब वह (गुजरात के) मुख्यमंत्री थे, उस समय (तमिलनाडु का नेतृत्व कर रहे) एम. करुणानिधि और जे. जयललिता से उन्होंने मुलाकात की थी। और, प्रधानमंत्री बनने के बाद, उन्हें पूर्व मुख्यमंत्रियों, ओ. पनीरसेल्वम, एडप्पादी के. पलानीस्वामी और एम. के. स्टालिन के साथ काम करने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा, ‘‘सरकारें बदल सकती हैं, लेकिन तमिलनाडु के विकास और राज्य के लोगों की सेवा करने का मेरा संकल्प दृढ़ है। लोगों की सेवा करने के इसी संकल्प के साथ, मुख्यमंत्री विजय के साथ मिलकर हम राज्य के विकास को आगे बढ़ा रहे हैं।’’
टीवीके के संस्थापक विजय ने तमिलनाडु में अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव जीतकर पार्टी की पहली सरकार बनाई।
मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के पद पर अपने 25 साल पूरे होने का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘शासन प्रमुख के तौर पर लोगों और सहकारी संघवाद में मेरा भरोसा मजबूत हुआ है।’’
भाषा सुभाष सुरेश
सुरेश