जम्मू, 11 अक्टूबर (भाषा) जम्मू के कई इलाकों में रविवार को भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ, सड़कों व रिहायशी इलाकों में पानी भर गया, वाहनों को नुकसान पहुंचा और कई जगहों पर भूस्खलन हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एक स्थानीय निवासी ने बताया कि रायपुर डोमाना इलाके में अपने पति के साथ सड़क पार करते समय अचानक आई बाढ़ में 27 साल की महिला लापता हो गई।
उन्होंने कहा, 'महिला और उसका पति सड़क पार कर रहे थे, तभी अचानक आई बाढ़ के पानी में दोनों बह गए। पुरुष को बचा लिया गया, लेकिन महिला का पता नहीं चल पाया।'
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंचीं और लापता महिला की तलाश शुरू की।
जम्मू में सुबह करीब साढ़े आठ बजे शुरू हुई भारी बारिश तीन घंटे से अधिक समय तक जारी रही। इससे कई प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया और यातायात प्रभावित हुआ। शहर के कई इलाकों में बारिश का पानी घरों और दुकानों में भी घुस गया।
अधिकारियों के अनुसार, पंजतीर्थी, नगरोटा, रूप नगर, डोगरा चौक, दुर्गा नगर, शक्ति नगर और रायपुर डोमाना बारिश से सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में शामिल हैं।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि भारी बारिश और जलभराव के कारण कारों तथा दोपहिया वाहनों को नुकसान पहुंचा।
अधिकारियों ने बताया कि पंजतीर्थी-सिदराह और सिदराह-नगरोटा मार्ग पर भूस्खलन की सूचना मिली है, जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित हुई और यातायात जाम लग गया।
उन्होंने कहा कि मलबा हटाने के लिए कर्मचारियों और मशीनों को तैनात किया गया है तथा प्रभावित सड़क मार्गों पर यातायात बहाल करने के प्रयास जारी हैं।
भाषा शुभम शोभना
शोभना