बलिया, 11 अक्टूबर (भाषा) ‘संपूर्ण क्रांति’ का नारा देने वाले समाजवादी नेता और ‘लोकनायक’ के नाम से प्रसिद्ध भारत रत्न जयप्रकाश नारायण की 124वीं जयंती पर रविवार को उनके पैतृक गांव जयप्रकाश नगर (सिताबदियारा) में श्रद्धांजलि दी गयी। उत्तर प्रदेश और बिहार की सीमा पर स्थित इस गांव में जयप्रकाश नारायण प्रतिष्ठान की ओर से आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के विद्यार्थियों की प्रभात फेरी से हुई।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद और पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर ने समारोह को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि आज लोकनायक के इतिहास को बदलने की कोशिश की जा रही है।
शेखर ने कहा कि बिहार लोकनायक की कर्मभूमि रही है लेकिन उनकी जन्मभूमि बलिया जिले का जयप्रकाश नगर गांव ही है।
उन्होंने कहा कि वह इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखेंगे।
कार्यक्रम में गांधी शांति प्रतिष्ठान के अध्यक्ष कुमार प्रशांत, महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर के.के. सिंह और भाजपा के विधान परिषद सदस्य रविशंकर सिंह ‘पप्पू’ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र