Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

केरलम में कांग्रेस एवं माकपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, पूर्व विधायक राहुल ममकूटाथिल पर मामला दर्ज

पतनमथिट्टा (केरलम), 11 अक्टूबर (भाषा) केरलम में पतनमथिट्टा जिले के अदूर में कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के युवा कार्यकर्ताओं के बीच कई जगह झड़पें हुईं, जिसके बाद पुलिस ने पलक्कड़ के पूर्व विधायक राहुल ममकूटाथिल समेत कई लोगों के खिलाफ तीन मामले दर्ज किए हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि केरल छात्र संघ (केएसयू), युवा कांग्रेस, स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) और डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) के कार्यकर्ताओं के खिलाफ तीन मामले दर्ज किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, शनिवार को अदूर के ‘कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग’ में छात्र संघ के चुनाव के बाद तनाव शुरू हुआ था।

इसके बाद दिल्ली में माकपा नेताओं को हिरासत में लिये जाने के विरोध में एसएफआई और डीवाईएफआई कार्यकर्ताओं ने अदूर में एक रैली निकाली, जिससे तनाव और बढ़ गया।

पुलिस ने बताया कि पहला मामला शनिवार शाम करीब सात बजे विरोध रैली के दौरान एझामकुलम में दवाइयों की एक दुकान के सामने केएसयू के दो नेताओं पर कथित हमले से जुड़ा है।

अधिकारियों के अनुसार, इस घटना के सिलसिले में एसएफआई और डीवाईएफआई के सात कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि दूसरी घटना रात 10 बजकर 50 मिनट पर अदूर के सरकारी अस्पताल में हुई, जहां राहुल ममकूटाथिल के नेतृत्व में युवा कांग्रेस और केएसयू के करीब 25 कार्यकर्ताओं के एक समूह ने एसएफआई के दो कार्यकर्ताओं पर कथित तौर पर हमला किया।

अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में ममकूटाथिल और युवा कांग्रेस एवं केएसयू के 26 अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

तीसरा मामला रात करीब साढ़े 11 बजे अदूर के एक निजी अस्पताल में एसएफआई कार्यकर्ताओं द्वारा युवा कांग्रेस के एक कार्यकर्ता पर कथित हमले से जुड़ा है।

पुलिस ने बताया कि युवा कांग्रेस का कार्यकर्ता झड़प में घायल केएसयू के एक कार्यकर्ता से मिलने अस्पताल पहुंचा था।

पुलिस के अनुसार, शनिवार रात अदूर के अन्य हिस्सों से भी मामूली झड़पों की खबरें मिलीं। पुलिस ने बताया कि तनाव कम करने और आगे झड़पें रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं।

कांग्रेस ने पलक्कड़ से तत्कालीन विधायक राहुल ममकूटाथिल को पिछले साल यौन उत्पीड़न के आरोप लगने के बाद पार्टी से निलंबित कर दिया था।

इन आरोपों के बाद उन्होंने युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दे दिया था।

पुलिस ने बताया कि ममकूटाथिल के खिलाफ यौन उत्पीड़न के कई मामले दर्ज किए गए थे और उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था।

ममकूटाथिल हालांकि, कांग्रेस में फिलहाल किसी पद पर नहीं हैं, लेकिन वह सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर पार्टी के प्रति अक्सर अपना समर्थन जताते रहते हैं।

इस बीच, ममकूटाथिल ने संवाददाताओं से कहा कि वह इस घटना में इसलिए शामिल हुए, क्योंकि जिन केएसयू और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमला हुआ था, वे उनके दोस्त हैं।

पार्टी से निकाले जाने के बावजूद झड़प में शामिल होने को लेकर पूछे गए सवालों के जवाब में उन्होंने यह बात कही।

उन्होंने कहा, ‘‘मेरे साथी कार्यकर्ताओं पर हमला होने पर मैं चुप नहीं बैठ सकता।’’

ममकूटाथिल ने किसी के साथ मारपीट करने से इनकार किया और आरोप लगाया कि डीवाईएफआई और एसएफआई के कार्यकर्ताओं ने केएसयू के दो कार्यकर्ताओं पर हमला किया था।

उन्होंने कहा, ‘‘क्या किसी सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में मैं किसी के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा हूं?’’

युवा कांग्रेस के नेता और ममकूटाथिल के करीबी दोस्त फेनी निनान ने संवाददाताओं से कहा कि डीवाईएफआई कार्यकर्ताओं ने केएसयू कार्यकर्ताओं पर हमला किया था और इसके बाद हुई झड़प में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी प्रतिक्रिया दी थी।

उन्होंने कहा कि ममकूटाथिल पहले युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का नेतृत्व कर चुके हैं।

निनान ने कहा, ‘‘ममकूटाथिल ने हमेशा हमारा नेतृत्व किया है। हम उनके आभारी हैं। हमें उनसे लगाव है और उन्हें भी हमसे लगाव है।’’

भाषा सिम्मी सुरेश

सुरेश