लातूर, 11 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के लातूर में एक निजी स्कूल के संस्थापक द्वारा नाबालिग छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न की जांच के लिए भारतीय पुलिस सेवा की महिला अधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
लातूर के पुलिस अधीक्षक अमोल तांबे ने मामले की गंभीरता और व्यापकता को देखते हुए यह दल गठित किया। मामले में एमआईडीसी पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसआईटी का नेतृत्व लातूर ग्रामीण उपमंडल में तैनात आईपीएस अधिकारी मेघना आईएन कर रही हैं।
पुलिस ने इस सप्ताह की शुरुआत में आदर्श इंटरनेशनल स्कूल के संस्थापक बशीर उस्मान शेख (54) को गिरफ्तार किया था। यौन उत्पीड़न की शिकायतों के बाद उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसआईटी में आर्थिक अपराध शाखा की पुलिस उपाधीक्षक भागीरथी पवार और शिवाजीनगर पुलिस थाने की सहायक पुलिस निरीक्षक सुचिता शिंगाडे भी शामिल हैं।
दल को यह जांच करने का निर्देश दिया गया है कि क्या इस मामले में अन्य छात्राएं भी पीड़ित हैं अथवा उनके पास मामले से संबंधित कोई जानकारी है।
पुलिस ने शेख द्वारा कथित तौर पर यौन उत्पीड़न की शिकार नाबालिग छात्राओं से बिना किसी डर के शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि उनकी पहचान और सुरक्षा की रक्षा की जाएगी।
भाषा शोभना रंजन
रंजन